फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन के मिडफील्डर रोड्री, गोलकीपर उनाई साइमन और डिफेंडर पाउ कुबारसी सबसे बड़े व्यक्तिगत अवॉर्ड जीतने वालों में शामिल थे, जबकि फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने एक और शानदार टूर्नामेंट के बाद गोल्डन बूट जीता. बता दें, रविवार को न्यू जर्सी में हुए फाइनल में फेरान टोरेस के एक्ट्रा टाइम में गोल के दम पर अर्जेंटीना को 1-0 से हरा दिया और दूसरी बार विश्व कप अपने नाम किया.
स्पेन के कप्तान रोड्री को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के तौर पर गोल्डन बॉल से सम्मानित किया गया. उन्होंने स्पेन के सफल वर्ल्ड कप अभियान के दौरान मिडफील्ड को बखूबी संभाला. उनकी गेंद में नियंत्रण ने 'ला रोजा' (स्पेन की टीम) को अपना दूसरा FIFA वर्ल्ड कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन को टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए गोल्डन ग्लव मिला. टूर्नामेंट के दौरान स्पेन ने सिर्फ़ एक गोल खाया, जबकि साइमन ने लगातार 650 मिनट तक कोई गोल न खाकर वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड भी बनाया.
युवा डिफेंडर पाउ कुबारसी को स्पेन के डिफेंस में शानदार प्रदर्शन के लिए फीफा यंग प्लेयर अवॉर्ड दिया गया. 19 वर्षीय खिलाड़ी ने स्पेन को वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के तौर पर सबसे कम गोल खाने का रिकॉर्ड बनाने में मदद की थी.
फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने आठ मैचों में 10 गोल करके टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर के तौर पर गोल्डन बूट जीता. ऐसा करके, वे लगातार दो वर्ल्ड कप में गोल्डन बूट जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. साथ ही एम्बाप्पे अब फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में 22 गोल के साथ, इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने हैं.
नीदरलैंड्स को पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनके अनुशासन और खेल भावना के लिए FIFA फेयर प्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
स्पेन ने मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को एक्स्ट्रा टाइम के बाद 1-0 से हराकर अपना दूसरा FIFA वर्ल्ड कप खिताब जीता. सब्स्टीट्यूट फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में निर्णायक गोल किया.
किसने जीता कौन सा अवॉर्ड
- गोल्डन बॉल (बेस्ट प्लेयर): रोड्री (स्पेन)
- सिल्वर बॉल: लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना)
- ब्रॉन्ज़ बॉल: किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस)
- गोल्डन बूट (टॉप स्कोरर): किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) — 10 गोल
- सिल्वर बूट: लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना)
- ब्रॉन्ज़ बूट: जूड बेलिंगहम (इंग्लैंड)
- गोल्डन ग्लव (बेस्ट गोलकीपर): उनाई सिमोन (स्पेन)
- बेस्ट यंग प्लेयर: पाउ कुबारसी (स्पेन)
- फेयर प्ले अवॉर्ड: नीदरलैंड्स
यह भी पढ़ें: फुटबॉल का बादशाह बनते ही स्पेन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले इतिहास की एकमात्र टीम
यह भी पढ़ें: Argentina vs Spain Final: लियोनेल मेस्सी ने रचा इतिहास, 96 सालों में ऐसा करने वाले पहले कप्तान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं