क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 2026 वर्ल्ड कप में क्रोएशिया के खिलाफ पुर्तगाल के राउंड ऑफ़ 32 मैच में एक और रिकॉर्ड तोड़ दिया है. रोनाल्डो पहले ही छह वर्ल्ड कप खेलकर और छह वर्ल्ड कप में गोल करके अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा चुके हैं औरक क्रोएशिया के खिलाफ मैच में उन्होंने अपने नाम एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड किया. 41 साल के रोनाल्डो ने जैसे ही क्रोएशिया के खिलाफ पुर्तगाल के राउंड ऑफ 32 मैच के लिए मैदान पर उतरे, वैसे ही उन्होंने एक मेगा रिकॉर्ड अपने नाम किया.
रोनाल्डो के नाम एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड
पांच बार के बैलन डी'ओर विजेता 41 साल और 147 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप नॉकआउट में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड कैमरून के रोजर मिला के नाम था.
इस मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए बराबरी का गोल भी किया. यह वर्ल्ड कप इतिहास में नॉकआउट मुकाबलों में इस दिग्गज का पहला गोल है. दूसरे हाफ में क्रोएशिया के इवान पेरिसिक ने गोल करके टीम को बढ़त दिलाई थी. इसके बाद 0-1 से पीछे चल रहे पुर्तगाल को पेनल्टी मिली, जब निकोला व्लासिक ने कॉर्नर पर रेनाटो वेइगा को गिरा दिया था. रोनाल्डो आगे बढ़े और क्रोएशिया के गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविक को छकाते हुए गोल किया.
नॉकआउट में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
इस गोल का यह भी मतलब रहा कि 41 साल के रोनाल्डो वर्ल्ड कप नॉकआउट में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं, और उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने पूर्व इंटरनेशनल और क्लब टीम के साथी पेपे से छीन लिया, जिन्होंने 39 साल और नौ महीने की उम्र में गोल किया था. पुर्तगाल का सामना अब राउंड ऑफ 16 में स्पेन से होगा.
बात अगर पुर्तगाल और क्रोएशिया के बीच मैच की करें तो गोनकालो रामोस ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में राफेल लीओ के पास पर हेडर से गोल किया, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पेनल्टी किक को गोल में बदला जिससे पुर्तगाल ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए क्रोएशिया को 2-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के अंतिम 16 में प्रवेश किया.
लुका मोड्रिक के अभियान का अंत
पुर्तगाल की इस जीत से क्रोएशिया के स्टार खिलाड़ी लुका मोड्रिक के पांचवें विश्व कप के अभियान का अंत भी हो गया. क्रोएशिया ने 53वें मिनट में इवान पेरिसिच के गोल से बढ़त बनाई, जो उन्होंने जोसिप सानिसिच के क्रॉस पर किया था.
रोनाल्डो ने पहले 68वें मिनट में पेनल्टी किक पर गोल करके स्कोर बराबर किया जो विश्व कप में नॉकआउट चरण का उनका पहला गोल था. लेकिन पुर्तगाल की जीत के नायक रामोस रहे जिन्होंने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में तब गोल किया जब लग रहा था कि मैच अतिरिक्त समय तक खिंच जाएगा. उस समय रोनाल्डो बेंच पर बैठे हुए थे.
अंतिम सीटी बजने से पहले मैच विवादों में घिर गया क्योंकि क्रोएशिया को लगा कि उसने आखिरी क्षणों में स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया है, लेकिन वीडियो समीक्षा के बाद मारियो पासालिच को ऑफसाइड करार दिया और गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया. क्रोएशिया के प्रशंसकों ने मैदान पर बोतलें फेंकीं और विरोध में सीटी बजाई.
यह भी पढ़ें: साउथ फ्रीका को हराकर 5वीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया से होगा सामना
यह भी पढ़ें: रोनाल्डो का गोल, पुर्तगाल ने क्रोएशिया को हराया, आखिरी पलों में गोल पर हुआ विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं