Argentina vs England FIFA World Cup 2026 Semifinal: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना की शानदार लय सिर्फ मैदान पर दिखाई देने वाले प्रदर्शन का नतीजा नहीं है. टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक रूप से सहज रखने के लिए अमेरिका में भी घर जैसा माहौल तैयार किया है. इसी योजना के तहत कैनसस सिटी स्थित टीम बेस पर करीब 500 किलोग्राम बीफ मंगवाया गया. यह पूरी व्यवस्था पहले से तय की गई थी ताकि खिलाड़ियों को अपने देश जैसा खान-पान मिल सके और लगातार मैचों के बीच उनकी फिटनेस और रिकवरी प्रभावित न हो.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जेंटीना अपने साथ कई पारंपरिक मीट कट भी लेकर पहुंचा था. इनमें लोमो, वासियो, एंट्राना, माटाम्ब्रे, पेसेटो और असाडो डी टिरा शामिल थे. इन खाद्य उत्पादों को अमेरिका लाने के लिए सैनिटरी और कस्टम नियमों के तहत कई महीने पहले से तैयारी की गई थी.
🇦🇷🥩 The Argentinian players preparing for the semifinal against England eating Asado. pic.twitter.com/XAg28E3gme
— Ultras Clips (@ultras_clips) July 13, 2026
टीम का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में लगातार यात्रा, कड़े मुकाबले और कम समय में रिकवरी के बीच खिलाड़ियों को परिचित भोजन मिलना प्रदर्शन पर सकारात्मक असर डालता है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में खिलाड़ी मैचों से पहले और बाद में पारंपरिक बारबेक्यू का आनंद लेते भी दिखाई दिए, जिससे टीम के भीतर हल्का और सकारात्मक माहौल बना रहा.
नॉर्वे ने भी अपनाया था ऐसा ही तरीका
अर्जेंटीना अकेली टीम नहीं थी जिसने खाने-पीने को अपनी तैयारी का अहम हिस्सा बनाया. इससे पहले नॉर्वे भी अमेरिका पहुंचते समय अपने साथ करीब 580 किलोग्राम खाद्य सामग्री लेकर आया था. एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इसमें 300 किलोग्राम नॉर्वेजियन सैल्मन और ट्राउट, 100 किलोग्राम हैलिबट मछली, 80 किलोग्राम ब्रूनोस्ट और 100 किलोग्राम जार्ल्सबर्ग चीज़ शामिल था. टीम के हेड शेफ एरॉन एस्पेलैंड के मुताबिक, बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए परिचित स्वाद और संतुलित पोषण बेहद अहम होता है, क्योंकि इससे शरीर की रिकवरी और प्रदर्शन दोनों बेहतर रहते हैं. वहीं, सोशल मीडिया पर नॉर्वे के संतरे साथ लाने की चर्चा भी हुई, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने इस दावे को गलत बताया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं