फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप से 48 में से 40 टीमों ने घर वापसी कर ली है. सिर्फ़ 8 टॉप टीमें ख़िताबी रेस में बरक़रार हैं. और, जैसे-जैसे वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ी से चैंपियन के नाम की धुंध छंटती जा रही है, गोल्डन बूट यानी सबसे ज़्यादा गोल करनेवाले स्टार की तस्वीर भी और साफ़ होती जा रही है. फ़िलहाल इस रेस में अर्जेन्टीना के लियोनेल मेसी 8 गोल के साथ सबसे आगे हैं. जबकि, फ़्रांस के कप्तान किलियान एमबाप्पे और नॉर्वे के स्टार हालैंड इस रेस में 7-7 गोल कर मेसी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने 6 गोल के साथ इस फ़ैब फ़ोर की रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है.
तिकड़ी की जंग या फ़ैब-फ़ोर का जलवा?
मेसी- 8 गोल I एमबाप्पे-7 गोल I हालैंड- 7 गोल
मौजूदा वर्ल्ड कप में गोल्डन बूट की रेस वर्ल्ड कप शायद ट्रॉफ़ी के लिए विजेताओं की तगड़ी रेस का भी इशारा करने लगी है. इसमें मेसी, एमबाप्पे और हालैंड के साथ इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन भी ज़्यादा पीछे नहीं हैं. हैरी केन के नाम 6 अहम गोल हैं और वो इन तीनों दिग्गजों के ठीक पीछे तेज़ी से भागते आ रहे हैं.
मेसी- 8 गोल I एमबाप्पे-7 गोल I हालैंड- 7 गोल I हैरी केन – 6 गोल
इस रेस में मेसी एक हैट्रिक के साथ हर बार अपना मैजिक बिखेरते दिख रहे हैं. जबकि एमबाप्पे बतौर कप्तान वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ी पर नज़र रखककर अपनी स्पीड और स्किल्स से सबको दंग कर रहे हैं.
हैरी केन 1966 के 60 साल बाद जैसे इंग्लैंड को फिर से चैंपियन बनाने की जैसे कसम लेकर आये हैं. वहीं नार्वे के सुपरस्टार हालैंड ने अपनी स्पीड, स्टैमिना, पावर और अपनी आदतों से सोशल मीडिया पर हंगामा मचा रखा है.
वैसे BBC और ऑप्टा के आंकड़ों के मुताबिक इनमें सबसे ज़्यादा शॉट्स को गोल में तब्दील करने का कनवर्ज़न रेट हैरी केन का ही है. मेसी 27.6%, एमबाप्पे 26.9% और हालैंड 29.2% शॉट्स को गोल में तब्दील कर रहे हैं. हैरी केन 31.6% के साथ फ़ैब फ़ोर के टॉपर बने हुए हैं.
शॉट्स कनवर्ज़न रेट %
मेसी 27.6%
एमबाप्पे 26.9%
हालैंड 29.2%
हैरी केन 31.6%
डाटा सौजन्य: OPTA-BBC
हम भी हैं रेस में - ट्रॉफ़ी की बात अलग!
ये फ़ैब-फ़ोर अपनी टीम को चैंपियन बनाने का माद्दा तो रखते हैं. लेकिन मोरक्को, बेल्जियम, स्विट्ज़रलैंड और स्पेन अपने टीम गेम से इन फ़ैब-फ़ोर का मिथक तोड़ने की ठोस रणनीति पर काम कर रहे हैं. किसे मिलेगा गोल्डन बूट और कौन बनेगा चैंपियन, ये रेस अब और तेज़, दिलचस्प और धड़कनें तेज़ करने लगी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं