वैलेंटाइन डे पर प्यार का इजहार करने का सबसे अच्छा तरीका है अपने हाथों से कुछ बनाकर पार्टनर को खिलाना. इस दिन कपल्स एक-दूसरे को तोहफे देते हैं, पर अगर आप शाम को प्यार और खुशियों से भरना चाहते हैं तो अपने लव के लिए कुछ स्पेशल बनाएं. वैसे तो कई ऐसी चीजें है जिसे आप बना सकते हैं. पर केक ही घर पर बना लिया जाए तो कैसा रहेगा. केक भी ऐसा जिसकी शेप ही दिल जैसी होती है. प्यार के इस खास दिन वैलेंटाइन डे के मौके पर घर पर रेड वेलवेट केक कैसे बनाएं? आइए यहां जानते हैं.
फ्लेवर होगा रेड वेलवेट केक
रेड वेलवेट केक को आप बड़ी आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं. अगर घर में ओवन है तो उसमें बना लें वरना प्रेशर कुकर में भी ये बनाया जा सकता है. दोनों तरीकों से केक बनाने की रेसिपी हम आपको बता रहे हैं.
Gharelu Nuskhe: क्या नींबू सच में पथरी को काटता है? जानिए सच या झूठ!
रेड वेलवेट केक ओवन में बनाएं
सामग्री
मैदा - डेड कप
मक्खन - आधा कप
दूध - 1 कप
चीनी पाउडर - 1 कप
कोको पाउडर - डेड टेबलस्पून
बेकिंग पाउडर - 1 टीस्पून
बेकिंग सोडा - आधा टीस्पून
वनीला एसेंस - 1 टीस्पून
सफेद सिरका - 1 टीस्पून
नमक - 1 चुटकी
रेड फूड कलर - एक से डेड टीस्पून
क्रीम चीज फ्रॉस्टिंग के लिए सामग्री-
क्रीम चीज - आधा कप
पाउडर शुगर – आधा कप
वनीला एसेंस - आधा टीस्पून
फ्रेश क्रीम - आधा कप
बनाने की विधि-
- ओवन को 170 सेल्सियल पर 10 मिनट पहले गरम कर लें. केक टिन में बटर लगाकर मैदा छिड़ककर रख दें.
- एक बाउल लें. इसमें मैदा, कोको पाउडर, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक छान लें.
- दूसरे बाउल में मक्खन और चीनी को फेंट लें.
- अब दूध, वनीला एसेंस और फूड कलर डालकर मिलाएं.
- अंत में सिरका और अन्य सामग्री डालें और हल्के हाथ से मिक्स करें.
- इस बैटर को केक टिन में डालें और 170°C पर 35–40 मिनट के लिए बेक करें.
- टूथपिक डालकर चेक करें – साफ निकले तो केक तैयार हो चुका है.
- फ्रॉस्टिंग बनाने के लिए क्रीम चीज, फ्रेश क्रीम, पाउडर शुगर और वनीला को स्मूद होने तक फेंट लें. ठंडे केक पर लगाएं और अपनी पसंद अनुसार सजाएं.
ये बातें ध्यान रखें
केक में रेड कलर ज्यादा नहीं डालना है वरना केक कड़वा हो सकता है. केक पूरी तरह ठंडा हो जाए तभी उस पर फ्रॉस्टिंग करें.

अमरूद में नमक लगाकर खाने से क्या होता है? फायदे जान हो जाएंगे हैरान
रेड वेलवेट केक- कुकर में बनाएं
- कुकर में नमक या रेत की परत (डेड से दो कप) डालें. ढक्कन लगाएं, सीटी और रबर हटा दें. धीमी आँच पर 10 मिनट तक प्रीहीट कर लें.
- एक बाउल में मैदा, कोको पाउडर, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक छान लें.
- दूसरे बाउल में मक्खन और चीनी को अच्छी तरह से फेंट लें.
- अब दूध, वनीला और रेड फूड कलर मिलाएं.
- अंत में सिरका और अन्य सामग्री डालें और मिलाएं.
- ग्रीस किए केक टिन में बैटर डालें और टिन को कुकर में रखें. ढक्कन बंद करें (बिना सीटी के). धीमी आंच पर 40–45 मिनट तक पकाएं.
- करीब 35 मिनट बाद टूथपिक से चेक करके देखें. अगर टूथपिक साफ निकले तो केक तैयार हो गया है.
- फ्रॉस्टिंग के लिए ठंडी क्रीम, शुगर और वनीला को गाढ़ा होने तक फेंट लें. पूरी तरह ठंडे केक पर ही लगाएं.
ये बातें ध्यान रखें
जब कुकर में केक बनाना है तो आंच हमेशा धीमी रखनी चाहिए, वरना केक जल सकता है. केक बनाते हुए बहुत ज्यादा रेड फूड कलर ना डालें. केक बाहर निकालने से पहले पूरी तरह ठंडा कर लेना चाहिए.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं