अगर आप भी हर रोज सुबह वही पुराना पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, तो आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक बेहद खास, सुपर हेल्दी और न्यूट्रिशियस मूंग दाल मोरिंगा चीला रेसिपी. मोरिंगा यानी सहजन की फली (Drumstick) गुणों की खान मानी जाती है. इसमें भरपूर मात्रा में आयरन, कैल्शियम और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो हमारी इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद करते हैं. जब इसे मूंग की दाल के साथ मिलाकर बनाया जाता है, तो यह प्रोटीन से भरपूर एक परफेक्ट ब्रेकफास्ट बन जाता है. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं स्वादिष्ट और हेल्दी मोरिंगा चीला- (How To Make Moringa Moong Dal Cheela Recipe)
सामग्री-
- सहजन की फली: 2 पीस
- धुली मूंग दाल: 1 कप भिगोई हुई
- हरी मिर्च: 2 पीस
- अदरक: आधा इंच का टुकड़ा
- नमक: आधा छोटा चम्मच
- पानी: दाल पीसने और बैटर तैयार करने के लिए
- तेल: चीला सेंकने के लिए

कैसे बनाएं मोरिंगा चीला रेसिपी. (Image @nishamadhulika)
विधि-
- सबसे पहले सहजन की दो फलियां लें और उनके छोटे टुकड़े कर लें. अब हर टुकड़े के बीच में एक हल्का सा कट लगाएं और चम्मच की मदद से खुरचते हुए उसके अंदर का सारा गूदा एक कटोरी में निकाल लें.
- यह पल्प लगभग आधा कप के करीब होना चाहिए. इसके नरम बीजों को हटाने की जरूरत नहीं है, वे दाल के साथ आसानी से पीस जाते हैं. छिलकों को अलग फेंक दें.
- मिक्सी के जार में निकाला हुआ मोरिंगा पल्प डालें. इसके बाद भीगी हुई मूंग दाल को जार में डालें.
- साथ में दो हरी मिर्च और अदरक के छोटे टुकड़े करके डाल दें. इसमें 2 से 3 चम्मच पानी मिलाकर इसे हल्का दरदरा पीस लें. ध्यान रहे कि पेस्ट न तो बहुत ज्यादा बारीक हो और न ही बहुत मोटा.
- पिसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालें. इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं. अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा सा पानी और मिला लें.
- अब इस मिक्सचर को चम्मच से 2-3 मिनट के लिए अच्छी तरह फेंट लें ताकि चीला एकदम सॉफ्ट और फूला-फूला बने.
- बैटर की कंसिस्टेंसी ऐसी होनी चाहिए जो तवे पर आसानी से फैल सके.
- अब गैस पर एक तवा गर्म करें. तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर चारों तरफ फैला दें.
- चीला डालने से पहले गैस को बिल्कुल धीमा कर दें ताकि तवा थोड़ा ठंडा हो जाए.
- अब चमचे से बैटर को तवे के बीच में डालें और गोल-गोल घुमाते हुए फैलाएं. इसे बहुत ज्यादा पतला नहीं करना है.
- चीले के किनारों पर और थोड़ा सा बीच में तेल डालें. इसे मीडियम आंच पर तब तक सिकने दें जब तक कि नीचे की सतह अच्छी तरह सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाए.
- इसके बाद चीले को पलट दें और दूसरी तरफ से भी हल्का सा सेंक लें.
- आपका गरमा-गरम, सुपर टेस्टी और पौष्टिक मूंग दाल मोरिंगा चीला बनकर तैयार है.
- इसे तवे से उतारें और अपनी पसंद की तीखी या खट्टी-मीठी चटनी के साथ सर्व करें.
यहां देखें पूरा रेसिपी वीडियो-
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: मानसून में सिर्फ 5 मिनट में बनाएं स्वादिष्ट और सेहतमंद रसम, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं