गर्मियों का मौसम आते ही लोग आम की नई-नई रेसिपीज बनाना पसंद करते हैं. आम का शेक, आइसक्रीम और खीर तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इस बार मैंगो शाही रोल ट्राई करके देखें. कुरकुरी ब्रेड, केसर वाली चाशनी, रबड़ी और आम का यह शानदार कॉम्बिनेशन हर किसी को पसंद आता है. खास मौकों और मेहमानों के लिए यह एक परफेक्ट डेजर्ट साबित हो सकता है.
मैंगो शाही रोल बनाने के लिए सामग्री-
रोल्स के लिए,
- 10 ब्रेड स्लाइस
- 1 छोटा चम्मच कॉर्न फ्लोर
- 2-3 छोटे चम्मच पानी
- केसर चाशनी के लिए
- 1/2 कप चीनी
- 1/4 कप पानी
- 1/2 बड़ा चम्मच इलायची पाउडर
- कुछ केसर के धागे
मैंगो फिलिंग के लिए,
- 1 कप रबड़ी
- 1 कप मैंगो पल्प
गार्निशिंग के लिए,
- स्मूद मैंगो पल्प
- कटे हुए ड्राई फ्रूट्स
- केसर के धागे
ऐसे बनाएं मैंगो शाही रोल
- सबसे पहले ब्रेड स्लाइस के किनारों को काट लें. अब बेलन की मदद से सभी स्लाइस को पतला बेल लें. एक छोटे बाउल में कॉर्न फ्लोर और पानी मिलाकर स्लरी तैयार करें.
- अब ब्रेड को रोल की तरह मोड़ें और किनारों को कॉर्न फ्लोर स्लरी की मदद से सील कर दें. इसके बाद इन रोल्स को एयर फ्रायर में सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं.
- दूसरी तरफ एक पैन में चीनी, पानी, इलायची पाउडर और केसर डालकर हल्की चाशनी तैयार करें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए तो गैस बंद कर दें.
- अब तैयार कुरकुरे रोल्स को कुछ सेकंड के लिए गर्म चाशनी में डुबोएं और तुरंत बाहर निकाल लें.
तैयार करें शाही मैंगो फिलिंग
- एक बाउल में रबड़ी और मैंगो पल्प डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. जब मिश्रण स्मूद और क्रीमी हो जाए तो इसे पाइपिंग बैग में भर लें.
- अब चाशनी में डूबे हुए रोल्स के अंदर यह मैंगो रबड़ी फिलिंग भरें. ऊपर से भी मैंगो पल्प की सजावट करें और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स व केसर से गार्निश करें.
ठंडा करके करें सर्व
मैंगो शाही रोल को कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा करें. ठंडा होने के बाद इसका स्वाद और भी शानदार लगता है. अगर आप आम के सीजन में कुछ नया और खास बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.
यह भी पढ़ें- मीठी-रसीली लीची से बनाएं चाट, नोट करें आसान रेसिपी, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
यह भी पढ़ें- कच्चे केले के छिलके से बनाएं ऐसी टेस्टी चटनी की इसे चखने वाले मांगेंगे दोबारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं