आजकल बिजी लाइफस्टाइल के कारण लोग एक बार में ज्यादा खाना बनाकर उसे कई दिनों तक फ्रिज में स्टोर करके खाते हैं. हालांकि, खाना देखने और सूंघने में ताजा लग सकता है, लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल भी नहीं कि वह पूरी तरह सुरक्षित भी हो. अगर आप गलत तरीक से स्टोरेज करते हैं या फि री-हिटिंग करते हैं, तो इससे फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में फ्रिज में खाना कबतक रखना चाहिए, इस बारे में अच्छे से जानना जरूरी होता है. इस विषय को अच्छे से समझने के लिए हमने पुणे स्थिति अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल के जनकल फिजिशियन से डॉ. संजय नगरकर से बातचीत की. यहां जानते हैं फ्रिज में कितने दिनों तक पका हुआ खाना रख सकते हैं?
पका हुआ खाना कितने दिन तक सुरक्षित रहता है?
डॉ. नगरकर का कहना है कि अगर फ्रिज का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम है, तो पका हुआ खाना सामान्य तौर पर 3 से 4 दिन तक सुरक्षित रह सकता है. दाल, सब्जियां, ग्रेवी, चिकन, मांस और चावल जैसी चीजों को पकाने के बाद जल्दी ठंडा करके एयरटाइट कंटेनर में रखना चाहिए. एटरटाइट कंटेनर में सब्जियों को बनाकर रखने से ये जल्दी खराब नहीं होते हैं.
खाना कब तक फ्रिज में रख देना चाहिए?
डॉक्टर कहते हैं कि फूड सेफ्टी का अगर ध्यान रखें, तो खाना पकाने के करीब 2 घंटे के अंदर इसे फ्रिज में रख देना चाहिए. अगर कमरे का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा है, तो ये समय घटकर 1 घंटा रह जाता है. लंबे समय तक बाहर रखा खाना बैक्टीरिया के लिए तेजी से बढ़ने की जगह बन सकता है.
चावल को अच्छे से स्टोर करके रखें
डॉक्टर कहते हैं कि चावल में बैसिलस सेरेस नाम का बैक्टीरिया मौजूद हो सकता है. ये बैक्टीरिया पकाने के बाद भी जीवित रह सकता है. अगर पके हुए चावल को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ दिया जाए, तो इसमें ऐसे टॉक्सिक सब्सटेंस बन सकते हैं, जिन्हें दोबारा गर्म करने पर भी पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता. इसलिए चावल को जल्द से जल्द ठंडा करके फ्रिज में रखना जरूरी है.
सिर्फ सूंघकर या देखकर खराब न होने का न करें फैसला
डॉक्टर कहते हैं कि कई लोग मान लेते हैं कि अगर खाने से खराब गंध नहीं आ रही और उसका रंग सामान्य दिख रहा है, तो वो खाना लायक है. लेकिन ऐसा हमेशा सही नहीं होता. कई बार हानिकारक बैक्टीरिया बिना किसी बदलाव के भी खाने में बढ़ सकते हैं. इसलिए सिर्फ सूंघकर या फिर खुशबू के आधार पर इसे सेफ समझने की गलती न करें.
बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करते समय दें इन बातों पर ध्यान
बचा हुआ खाना दोबारा खाते समय उसे अच्छी तरह गर्म करना चाहिए. खाना इतना गर्म होना चाहिए कि उसके अंदर तक हीट पहुंच जाए और भाप निकलने लगे. डॉक्टर का कहना है कि इंटरनल टेम्प्रेचर लगभग 74 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचना चाहिए. इसके अलावा पूरे कंटेनर को बार-बार गर्म करके वापस फ्रिज में रखने से बचें. जितना खाना खाना हो उतना ही निकालकर गर्म करें. इससे बाकी खाना सुरक्षित बना रहता है.
फूड पॉइजनिंग से बचने के लिए क्या करें?
- पका हुआ खाना 2 घंटे के अंदर फ्रिज में रखें.
- एयरटाइट और साफ कंटेनर का इस्तेमाल करें.
- बचे हुए खाने को 3 से 4 दिन के अंदर खत्म कर लें.
- कंटेनर पर खाना बनाने की डेट लिखें.
- खाने को खराब होने का अंदाजा लगाने के लिए उसे चखकर न देखें.
- अगर स्टोरेज को लेकर किसी तरह का संदेह है, तो खाना फेंक देना ज्यादा सुरक्षित है.
ये भी पढ़ें - फ्रिज में रखी हरी मिर्ची भी सड़ जाती है, तो इस तरह करें स्टोर, 1 महीने तक रहेंगी फ्रेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं