बिहार की पारंपरिक मिठाइयों की बात हो और इस खास स्वीट डिश का जिक्र न हो, ऐसा शायद ही हो. बाहर से कुरकुरी, अंदर से नरम और तिल की परत से लिपटी ये मिठाई दशकों से त्योहारों और खास अवसरों पर बनाई जाती रही है. दिलचस्प बात ये है कि इसे बनाने के लिए चावल के आटे का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन आज की GenZ में बहुत कम लोग इसके नाम और इतिहास से परिचित हैं. अगर आप भी इस मशहूर बिहारी मिठाई को पहचानने की कोशिश कर रहे हैं, तो पहले इसकी खासियत जान लीजिए और फिर पढ़िए इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी.
क्या है इस मिठाई का नाम?
हम जिस मिठाई की बात कर रहे हैं उसका है नाम है- अनरसा. त्योहारों और खास मौकों पर अनरसा मिठाई खूब पसंद की जाती है. हालांकि पारंपरिक अनरसा बनाने में चावल भिगोने और कई दिनों की तैयारी करनी पड़ती है. लेकिन अगर आप कम समय में घर पर स्वादिष्ट और खस्ता अनरसा बनाना चाहते हैं, तो ये आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है. इसमें न तो मावा की जरूरत पड़ती है और न ही चाशनी बनाने की. सही सामग्री और कुछ जरूरी टिप्स की मदद से आप बाजार जैसा स्वादिष्ट अनरसा तैयार कर सकते हैं.
अनरसा बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप चावल का आटा
- 1/4 कप गेहूं का आटा या मैदा
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 6 बड़े चम्मच चीनी
- 1.5 कप पानी
- 2 से 3 बड़े चम्मच घी
- सफेद तिल
यह भी पढ़ें: Beetroot Kanji Recipe: सर्दियों में घर पर कैसे बनाएं चुकंदर की कांजी? जानें आसान रेसिपी और फायदे
ऐसे तैयार करें आटा
सबसे पहले चावल का आटा, गेहूं का आटा और इलायची पाउडर मिलाकर रख लें. दूसरी तरफ कड़ाही में पानी उबालें और उसमें चीनी डालकर घोल लें. अब आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे आटे का मिश्रण डालते हुए लगातार चलाएं. जब मिश्रण एकसार हो जाए तो उसमें घी डालकर मिला लें और गैस बंद कर दें. मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर इसे हाथों से अच्छी तरह मसलकर मुलायम आटा तैयार करें. ध्यान रखें कि आटे में दरारें न हों. अगर आटा सूखा लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर उसे चिकना बना लें. यही स्टेप अनरसे को टूटने और बिखरने से बचाता है.
अनरसे को दें सही शेप
तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें गोल आकार दें. अब लोई को सफेद तिल में लपेटकर हल्का दबाते हुए अनरसे का आकार दें. आप चाहें तो पारंपरिक गोल अनरसा या छोटी अनरसा गली भी बना सकते हैं.
फ्राई करते समय रखें इन बातों का ध्यान
कड़ाही में तेल गर्म करें और मीडियम आंच पर अनरसे तलें. तेल बहुत ज्यादा गर्म या बहुत ठंडा नहीं होना चाहिए. अनरसे को धीरे-धीरे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. सही तापमान पर तले गए अनरसे बाहर से खस्ता और अंदर से नरम बनते हैं. आपके अनरसे बनकर तैयार हो जाएंगे. अनरसे पूरी तरह ठंडे होने के बाद उन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. इस तरह ये करीब 15 दिनों तक ठीक रह सकते हैं. चाय के साथ या मेहमानों के लिए ये पारंपरिक मिठाई एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकती है.
अनरसा बनाने की खास टिप
अगर आप चाहते हैं कि अनरसा तलते समय टूटे नहीं और बाजार जैसा खस्ता बने, तो आटे को अच्छी तरह मसलकर चिकना बनाना बेहद जरूरी है. साथ ही तिल की कोटिंग और मीडियम आंच पर फ्राई करने से इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें: दीपावली पर बच गई खील? 2 मिनट में बना लें स्वादिष्ट सी बर्फी, बिना मावे के हो जाएगी तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं