Bachi Hui Roti Se Chowmein: रसोई में कई बार ऐसा हो जाता है जब रात की बची हुई रोटियां अगले दिन प्लेट में रह जाती हैं. उन्हें दोबारा गरम करके खाना हर किसी को पसंद नहीं आता. ऐसे में अक्सर लोग सोचते हैं कि इन रोटियों का क्या किया जाए. लेकिन थोड़ी सी समझदारी और क्रिएटिविटी से इन्हीं बची हुई रोटियों से एक बिल्कुल नई और स्वादिष्ट डिश तैयार की जा सकती है.आजकल सोशल मीडिया और फूड ट्रेंड्स में रोटी चाऊमीन या रोटी नूडल्स काफी पॉपुलर हो रही है. यह डिश स्वाद में भी अच्छी होती है और बनाने में भी बेहद आसान है. खास बात यह है कि इससे फूड वेस्टेज भी कम होता है.
बची हुई रोटियों से चाऊमीन बनाने के लिए सामग्री:
- रोटियां- 4–5 (पतली स्ट्रिप्स में कटी हुई)
- तेल- 1-2 चम्मच
- अदरक (बारीक कटा)- 1 छोटा चम्मच
- लहसुन (बारीक कटा)- 1 छोटा चम्मच
- शिमला मिर्च (लंबी कटी)- 1/2 कप
- गाजर (लंबी कटी)- 1/2 कप
- पत्ता गोभी (कटी हुई)- 1/2 कप
- प्याज (स्लाइस में कटा)- 1
- बीन्स (कटी हुई)- 1/4 कप
- सोया सॉस- 1 बड़ा चम्मच
- टमाटर केचप- 1 बड़ा चम्मच
- विनेगर- 1/2-1 छोटा चम्मच
- चिली सॉस- 1 छोटा चम्मच (ऐच्छिक)
- नमक- स्वादानुसार
- काली मिर्च – ¼ छोटा चम्मच
कैसे बनाएं बची हुई रोटियों से चाऊमीन? (How To Make Chowmein From Left Over Roti Or Chapati)
- रोटी चाऊमीन बनाने के लिए सबसे पहले बची हुई रोटियों को इकट्ठा कर लें. अब इन रोटियों को मोड़कर पतली और लंबी स्ट्रिप्स में काट लें. कोशिश करें कि ये स्ट्रिप्स बिल्कुल नूडल्स की तरह दिखें. इससे डिश का टेक्सचर और लुक दोनों बेहतर लगता है.
- इसके बाद एक कड़ाही या पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें. तेल गरम होने के बाद इसमें बारीक कटा हुआ अदरक और लहसुन डालकर हल्का सा भून लें. इससे डिश में अच्छी खुशबू और स्वाद आता है.
- अब पैन में अपनी पसंद की सब्जियां डालें. इसमें शिमला मिर्च, गाजर, पत्ता गोभी, प्याज या बीन्स जैसी सब्जियां डाली जा सकती हैं. सब्जियों को तेज आंच पर हल्का सा पकाएं ताकि वे ज्यादा नरम न हों और उनका क्रंच बना रहे.
- जब सब्जियां हल्की पक जाएं, तब इसमें एक चम्मच सोया सॉस, थोड़ा टमाटर केचप और कुछ बूंदें विनेगर डालें. अगर आपको थोड़ा तीखा स्वाद पसंद है तो इसमें चिली सॉस भी मिला सकते हैं. इसके बाद नमक और काली मिर्च डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
- अब कटी हुई रोटी को पैन में डालें और 2 से 3 मिनट तक अच्छे से टॉस करें ताकि सॉस और मसाले रोटी में अच्छी तरह मिल जाएं.
- कुछ ही मिनटों में आपकी स्वादिष्ट रोटी चाऊमीन तैयार हो जाएगी.
यह डिश बच्चों के टिफिन, शाम के स्नैक या अचानक लगी भूख के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है.
Video Watch: History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं