Summer Special Raita Recipes: चिलचिलाती गर्मी में आपको हर भारतीय थाली में एक कॉमन चीज देखने को मिलेगी वो है रायता. क्योंकि रायता सिर्फ एक साइड डिश नहीं है, बल्कि यह हर हिंदुस्तानी थाली को पूरी तरह कम्प्लीट करता है. यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने बल्कि, सेहत के लिए भी कमाल है. लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि हर इलाके का अपना अनोखा स्वाद है. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. भारत की सबसे खूबसूरत बात यह है कि यहां थोड़ी-थोड़ी दूरी पर भाषा और खाने का स्टाइल बदल जाता है. यही बात हमारे रायते पर भी लागू होती है. भारत में रायता सिर्फ दही का मिक्सचर नहीं है, बल्कि हर राज्य की अपनी एक अलग पहचान और संस्कृति को दिखाता है.
हर राज्य की अपनी अनोखी रेसिपी- (Best Raita Variety)
1. उत्तर प्रदेश का स्पेशल रायता-
यूपी के घरों में गर्मियों के दिनों में लौकी का रायता लगभग रोज बनता है. यह पेट के लिए बहुत ही हल्का और फायदेमंद होता है.
कैसे बनाएं- सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दूकस (grate) कर लें. अब इसे थोड़े से पानी में उबाल लें और फिर पानी निचोड़कर अलग कर दें. एक बर्तन में गाढ़ा दही फेंटें, उसमें उबली हुई लौकी, काला नमक, सादा नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर मिलाएं. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें. आपका कूल-कूल लौकी रायता तैयार है.

2. बिहार का तीखा और चटाकेदार रायता-
बिहार में रायते में सरसों का इस्तेमाल खूब किया जाता है, जो इसे एक तीखा और एकदम अनोखा स्वाद देता है. यहां बैंगन का रायता बहुत पसंद किया जाता है.
कैसे बनाएं- एक बैंगन को गैस पर अच्छी तरह भून लें. भूनने के बाद उसका छिलका उतारकर उसे अच्छे से मैश कर लें. अब फेंटे हुए दही में यह मैश किया हुआ बैंगन मिलाएं. इसमें नमक, बारीक कटी हरी मिर्च और सबसे जरूरी पीली सरसों का पाउडर और एक छोटा चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें.
3. राजस्थान का रायता-
राजस्थान के गर्म मौसम में मसालेदार खाने के साथ पुदीने और बूंदी का रायता हर थाली की जान होता है.
कैसे बनाएं- बूंदी को 2 मिनट के लिए गुनगुने पानी में भिगो दें, फिर हल्के हाथों से निचोड़कर पानी निकाल लें. अब दही को अच्छी तरह फेंट लें. इसमें बूंदी, फ्रेश पुदीने के पत्तों का पेस्ट या पाउडर, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा डालें. राजस्थान में इस रायते के ऊपर थोड़ा सा चाट मसाला भी छिड़का जाता है.
4. महाराष्ट्र का रायता-
महाराष्ट्र में रायते को 'कोशिंबीर' कहा जाता है. इसमें खीरे के साथ मूंगफली का जो कॉम्बिनेशन होता है, वह बेहद क्रंची और टेस्टी लगता है.
कैसे बनाएं- खीरे को कद्दूकस कर लें या बहुत बारीक काट लें. दही को फेंटकर उसमें यह खीरा, स्वादानुसार नमक और थोड़ी सी चीनी मिलाएं. अब इसमें भुनी हुई मूंगफली को दरदरा कूटकर डालें. आखिर में एक छोटे पैन में तेल गर्म करें, उसमें राई, कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का तैयार कर रायते के ऊपर डालें.
5. केरल का ट्रेडिशनल रायता-
साउथ इंडिया, खासकर केरल में साद्या (पारंपरिक दावत) के दौरान इस रायते को बड़े चाव से परोसा जाता है.
कैसे बनाएं- ककड़ी या खीरे के छोटे टुकड़ों को हल्दी और नमक के साथ थोड़े से पानी में पका लें. अब गीले नारियल, हरी मिर्च और थोड़ी सी राई को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को पके हुए खीरे में मिलाएं और गैस बंद कर दें. जब यह ठंडा हो जाए, तो इसमें फेंटा हुआ दही मिलाएं. ऊपर से नारियल तेल में राई, सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ते का तड़का लगाएं.
6. फ्रूटी और कलरफुल रायता-
आजकल लोग स्वाद के साथ खूब एक्सपेरिमेंट भी कर रहे हैं. खीरा और पुदीना का क्लासिक कॉम्बिनेशन तो सदाबहार है ही, लेकिन अब अनानास, का खट्टा-मीठा रायता और चुकंदर का खूबसूरत गुलाबी रायता भी लोगों की डाइनिंग टेबल पर खूब जगह बना रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं