यह ख़बर 30 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

छुट्टियां खत्म, अब जेल में मनेगी संजय दत्त की दीवाली

संजय ने प्रशंसकों को दीवाली की शुभकामनाएं दीं

मुंबई:

अभिनेता संजय दत्त जेल से मिली छुट्टी खत्म होने के बाद बुधवार सुबह अपने घर से शेष सजा काटने के लिए पुणे जेल रवाना हो गए। उन्हें 1993 के मुंबई बम विस्फोटों के सिलसिले में आर्म्स एक्ट के मामले में सजा सुनाई गई थी।

संजय पुणे की यरवदा जेल में बंद थे। उन्हें 1 अक्टूबर को जेल से 14 दिन की छुट्टी मिली थी। बाद में, उन्होंने छुट्टी बढ़ाए जाने का आग्रह किया था, जिसे स्वीकार करते हुए उनकी छुट्टी एक पखवाड़े के लिए और बढ़ा दी गई थी।

माना जाता है कि 53-वर्षीय अभिनेता ने किसी बीमारी की वजह से टांगों में बने रक्त के थक्कों का इलाज कराया था। वह सुबह करीब साढ़े छह बजे अपनी पत्नी मान्यता के साथ बांद्रा स्थित अपने घर से पुणे के लिए रवाना हुए। संजय ने कहा कि उनकी टांगों में अब भी दर्द है। उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे उनकी जल्द रिहाई की कामना करें। उन्होंने पैरोल की अवधि के दौरान परिवार के साथ निजता के आग्रह को स्वीकार करने के लिए मीडिया का धन्यवाद भी व्यक्त किया।

अभिनेता ने कहा, मेरी टांगों में अब भी दर्द है, लेकिन यह पहले के मुकाबले थोड़ा बेहतर है। मेरे लिए प्रार्थना कीजिए, ताकि मैं जल्द बाहर आ सकूं। सभी को दीपावली मंगलमय हो। संजय अवैध हथियार रखने के जुर्म में 42 महीने की शेष सजा काट रहे हैं। उन्होंने मई में मुंबई की विशेष टाडा अदालत के समक्ष समर्पण कर दिया था। बाद में उन्हें यरवदा जेल स्थानांतरित कर दिया गया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com