बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और संजय दत्त जल्द ही एक बड़ी इंटरनेशनल एक्शन फिल्म में नजर आने वाले हैं. फिल्म का नाम है '7 डॉग्स'. यह फिल्म सऊदी अरब के सपोर्ट से बनी है और 28 मई को भारत में रिलीज होने वाली है. फिल्म के निर्देशक हैं Adil El Arbi और Bilall Fallah. ये दोनों बेड बॉयज सीरीज की फिल्में बना चुके हैं. '7 डॉग्स' एक हाई बजट एक्शन थ्रिलर है, जिसका बजट करीब 40 मिलियन डॉलर यानी लगभग 340 करोड़ रुपये है. यह अरब सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है.
ये भी पढ़ें: सलमान खान की पोस्ट पर एक्स मंगेतर ने दिया रिएक्शन, भाईजान ने सोशल मीडिया पर लिखी थी तन्हाई और अकेलेपन की बात
फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी मध्य पूर्व में सेट है. इसमें मुख्य भूमिका में मिस्र के दो बड़े सितारे अहमद एज्ज और करीम अब्देल अजीज हैं. अहमद एज्ज इंटरपोल अधिकारी का रोल निभा रहे हैं, जबकि करीम अब्देल अजीज एक खतरनाक क्राइम बॉस के किरदार में हैं. दोनों अलग-अलग दुनिया से आते हैं, लेकिन एक खतरनाक हथियार वाले नशीले पदार्थ की वजह से उन्हें साथ काम करना पड़ता है. यह कहानी जासूसी, अपराध और बड़े-बड़े एक्शन सीन से भरी हुई है.
सीजीआई की बजाय असली सेट्स
सलमान खान और संजय दत्त इसमें स्पेशल अपीयरेंस में हैं. प्रमोशनल मटेरियल में उनकी झलक देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं. मोनिका बेलुची भी फिल्म में हैं, जो इसे और खास बनाती है. फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है इसका रियल एक्शन. फिल्म में ज्यादातर काम सीजीआई की बजाय असली सेट्स, लाइव स्टंट्स और रियल विस्फोटों से किया गया है. फिल्म को रियाद के Al-Hosn Big Time Studios में शूट किया गया.
21,000 लीटर पेट्रोल और हजारों मीटर डेटोनेशन कॉर्ड का इस्तेमाल
सबसे चर्चित बात है फिल्म का वो विस्फोट सीन, जिसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. यह सिनेमा इतिहास का सबसे बड़ा विस्फोट माना जा रहा है. एक ही शॉट में इतने बड़े पैमाने पर विस्फोट पहले कभी नहीं हुआ. पहले यह रिकॉर्ड जेम्स बॉन्ड फिल्मों स्पेक्टर और नो टाइम टू डाय के पास था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीन में 170 टन TNT के बराबर ब्लास्ट हुआ. 405 किलो से ज्यादा विस्फोटक सामग्री, 21,000 लीटर पेट्रोल और हजारों मीटर डेटोनेशन कॉर्ड का इस्तेमाल किया गया. 20 टन मिट्टी से बड़े-बड़े मलबे उड़ाए गए. कई ट्रक और वाहन इस सीन में तबाह किए गए. फिल्म 27 मई को सऊदी अरब, मिस्र और मध्य पूर्व में रिलीज होगी. भारत में 28 मई को और तुर्की में 25 जून को आएगी. 19 और 20 मई को IMAX प्रीव्यू भी होने वाले हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं