विज्ञापन
This Article is From Sep 20, 2022

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में हो सकता है शशि थरूर और अशोक गहलोत में मुकाबला : 10 बातें

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा (फाइल फोटो).
  • शशि थरूर की चुनाव लड़ने की मंशा पर सोनिया को नहीं आपत्ति
  • जम्मू-कश्मीर कांग्रेस में भी राहुल गांधी को पद सौंपने की मांग उठी
  • शशि थरूर ने पार्टी में बदलाव की याचिका को दिया समर्थन
नई दिल्ली:
  1. सूत्रों के हवाले ये ख़बर आई है कि अशोक गहलोत 26 सितंबर को नामांकन दाखिल करेंगे. माना जा रहा है कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इस पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे.
  2. सूत्रों के अनुसार तिरुवनंतपुरम के कांग्रेस सांसद शशि थरूर पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं. ख़बर है कि शशि थरूर ने सोनिया गांधी से मुलाकात में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की बात कही और सोनिया गांधी ने इस पर ऐतराज नहीं जताया.
  3. दूसरी तरफ राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है. राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात के बाद अब जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी ने भी राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया है. हालांकि सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे. सूत्रों ने बताया कि अशोक गहलोत 25 सितंबर को दिल्ली आएंगे और अगले दिन अपना नामांकन दाखिल करेंगे.
  4. इससे पहले सोमवार को ही सोनिया गांधी के विदेश से लौटने के बाद शशि थरूर ने उनसे मुलाकात की थी. इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के और कई नेता भी मौजूद थे. शशि थरूर पार्टी में बदलाव की मांग वाली एक याचिका को सार्वजनिक मंजूरी देने के तुरंत बाद सोनिया गांधी से मिले थे. कहा जा रहा है कि शशि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष के पद के लिए होने वाले चुनाव को लड़ने पर विचार कर रहे हैं.
  5. दरअसल कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ट्विटर पर पार्टी के युवा सदस्यों के एक समूह द्वारा बदलाव की मांग करने वाली याचिका का समर्थन किया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को उस ऑनलाइन याचिका की पैरवी की थी. 
  6. युवा सदस्यों की याचिका में पार्टी के युवा सदस्यों ने सुधारों की मांग की और कहा है कि अध्यक्ष पद के हर उम्मीदवार को यह संकल्प लेना चाहिए कि निर्वाचित होने पर वह ‘उदयपुर नवसंकल्प' को पूरी तरह लागू करेगा.
  7. लोकसभा सदस्य थरूर ने ट्विटर पर यह याचिका साझा की और कहा कि अब तक इस पर 650 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं. थरूर ने कहा, ‘‘मैं उस याचिका का स्वागत करता हूं जिसे कांग्रेस के युवा सदस्यों का एक समूह प्रसारित कर रहा है. इसमें पार्टी के भीतर रचनात्मक सुधारों की मांग की गई है. इस पर 650 से अधिक लोगों ने अब तक हस्ताक्षर किए हैं. मैं इसकी पैरवी करके खुश हूं.''
  8. कांग्रेस ने उदयपुर में गत मई महीने में हुए चिंतन शिविर के बाद ‘उदयपुर नवसंकल्प' जारी किया था जिसमें पार्टी के संगठन में कई सुधार सुझाए गए थे. इनमें ‘एक व्यक्ति, एक पद' और ‘एक परिवार, एक टिकट' की व्यवस्था की बातें प्रमुख हैं.
  9. कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी. नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है. एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
  10. फिलहाल एक तरफ जहां कांग्रेस में राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग उठ रही है वहीं दूसरी तरफ बदलाव की बात भी जोर पकड़ रही है. संभावना है कि चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आएगी, स्थिति और साफ होती जाएगी.    
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress President Election, Shashi Tharoor, Ashok Gehlot
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com