विज्ञापन
This Article is From Mar 31, 2018

आसनसोल हिंसा पर राजनीतिक हलचल तेज, आज राज्यपाल करेंगे दौरा: 10 अहम बातें

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रामनवमी के दिन भड़की हिंसा पर अब राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है.

आसनसोल हिंसा पर राजनीतिक हलचल तेज, आज राज्यपाल करेंगे दौरा: 10 अहम बातें
आसनसोल में सुरक्षाबलों की तैनाती
आसनसोल:
  1. राज्यपाल केसरी नाथ सबसे पहले आसनसोल सर्किट हाउस में अपना डेरा जमाएंगे और वहां के स्थानीय प्रशासन के साथ मीटिंग करेंगे. उसके बाद वह आसनसोल के प्रवाभित इलाकों का दौरा करेंगे फिर सर्किट हाउस कुछ देर के लिए आएंगे और फिर रानीगंज के लिए निकल जाएंगे. उम्मीद की जा रही है कि वह दुर्गापुर में घायल पुलिसकर्मियों से मिलने भी अस्पताल जा सकते हैं. 
  2. बताया जा रहा है कि राज्यपाल त्रिपाठी बुधवार को विशेष रूप से उस पुलिसकर्मी से मिलने जाने वाले थे, जिनका हाथ सोमवार को रानीगंज हिंसा में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था. मगर राज्य सरकार ने उन्हें यह बोल कर न जाने की सलाह दी कि वहां का माहौल अभी भी तनावग्रस्त है और इस वक्त वह उनकी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं कर पाएगी. 
  3. शुक्रवार को अमित शाह ने बीजेपी के चार नेताओं की एक कमेटी बनाई. यह कमेटी आसनसोल का दौरा करेगी और वहां के हालात पर सीधे पार्टी प्रमुख अमित शाह को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. शुरू में भी बीजेपी नेता वहां का दौरा करना चाहते थे, मगर पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी और उन्हें रोक दिया गया.
  4. अमित शाह द्वारा  गठित बीजेपी की इस कमेटी में पश्चिम बंगाल की राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली हैं. रूपा गांगुली दिसंबर 2016 में धुल्हागढ़ में हुए सांप्रदायिक हिंसा के समय भी दौरा करने वाली थी, मगर बाद में तबीयत खराब हो जाने की वजह से वहां का दौरा वह नहीं कर पाईं थीं. 
  5. राजस्थान से सांसद ओम प्रकाश माथुर भी रूपा गांगुली के साथ होंगे. वहीं, भागलपुर से पूर्व सांसद शहनवाज हुसैन और झारखंड पलामू से विष्णु दयाल राम भी इस कमेटी का हिस्सा होंगे और ये लोग वहां के हालातों पर अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे. 
  6. आसनसोल के बीजेपी सांसद बाबुल सुप्रियो राज्यपाल के दौरे के समय साथ होंगे या नहीं, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. बाबुल सुप्रियो के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है, उन पर धारा 144 का उल्लंघन करने और पुलिसवाले को उनकी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का आरोप है.
  7. सीपीएम ने रविवार को आसनसोल में शांति रैली निकालने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है, मगर अभी तक प्रशासन ने हरी झंडी नहीं दिखाई है.
  8. पश्चिम बंगाल के आसनसोल में राम नवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसक घटनाओं में अपने बेटे को खोने वाले इमाम ने लोगों से इसे मुद्दा नहीं बनाने और इलाके में अमन कायम करने की गुजारिश की है.
  9. आसनसोल हिंसा पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है. साथ ही यह कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो और भी सुरक्षाबलों की तैनाती की जा सकती है. 
  10. रामनवमी के जुलूस के दौरान पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भड़की हिंसा ने सबको हैरान कर दिया था. पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कहीं पथराव हुए तो कहीं बम फेंके गए. लेकिन अब सब जगह हालात क़ाबू में हैं. बीते पांच सालों में पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक तनाव में लगातार बढ़ोतरी हुई है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asansol, Asansol Clashes, Ram Navami Clashes In Asansol
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com