Shani Puja Tips: सनातन परंपरा में नवग्रहों से जुड़े दोष को दूर करने के लिए पूजा, व्रत, जप आदि का विधान बताया गया है. यदि बात करें सूर्यपुत्र शनि देव की तो इनसे जुड़े दोष अक्सर लोगों के लिए काफी कष्टकारी होते हैं. शनि ढैय्या और साढ़ेसाती का जिक्र होते ही लोगों के मन में सनसनी सी होने लगती है, लेकिन शास्त्रों में शनि के इसी दोष को दूर करने के लिए कई प्रकार की पूजा और सरल उपाय बताए गये हैं, लेकिन सवाल उठता है कि क्या शनि पूजा के लिए स्त्रियों और पुरुषो के लिए एक से ही नियम होते हैं? आइए आज हम महिलाओं के लिए शनि पूजा से जुड़े जरूरी नियम को विस्तार से जानते हैं.

- हिंदू धर्म में स्त्रियों के द्वारा शनि देव की पूजा और व्रत आदि करने की मनाही नहीं है और वे भी न्याय के देवता की कृपा पाने के उनकी साधना कर सकती है, लेकिन उन्हें ऐसा करते समय कुछेक नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए.
- आम व्रत की तरह शनि देवता का व्रत करते समय भी महिलाओं को तन और मन से शुद्ध रहते हुए पूजा-पाठ एवं फलहार करना चाहिए. शनिवार व्रत वाले दिन शनि देवता की विधि-विधान से पूजा करते हुए उनकी कथा और आरती अवश्य करें.
- हिंदू मान्यता के अनुसार जिस प्रकार स्त्रियों को हनुमान जी की मूर्ति का स्पर्श नहीं करना चाहिए, उसी प्रकार न्यायधीश कहे जाने वाले शनि देव की साधना-आराधना करते समय भी उन्हें कभी भूलकर भी उनकी प्रतिमा को स्पर्श नहीं करना चाहिए.
- सनातन परंपरा में शनि देव की साधना में पवित्रता का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. इसलिए शनि देव की पूजा हमेशा तन और मन से पवित्र होने के बाद ही करें.

- हिंदू मान्यता के अनुसार स्त्रियों को ऋतुकाल में और गर्भावस्था के दौरान शनि देव के धाम में नहीं जाना चाहिए.
- हिंदू मान्यता के अनुसार महिलाओं को शनि देवता को स्वयं तेल नहीं अर्पित करना चाहिए, बल्कि उसे किसी दूसरे के माध्यम से शनि देवता को चढ़वा देना चाहिए. शनि देव को तेल अर्पित करने के लिए आप स्टील या लोहे के कटोरी या कटोरे में रख शनि देवता को अर्पित कर सकती हैं.

- हिंदू मान्यता के अनुसार शनि देवता की पूजा कभी भी उनकी मूर्ति के ठीक सामने खड़े होकर नहीं करना चाहिए. शनि साधना के लिए उनके बाएं या फिर दाएं खड़े होकर या फिर बैठकर करें. हिंदू मान्यता के अनुसार शनि पूजा करते समय शनिदेव की आंखों में भी नहीं देखना चाहिए.
Shakun Shastra: किस्मत चमकने से पहले इंसान को मिलने लगते हैं ये शुभ संकेत
- हिंदू मान्यता के अनुसार आम लोगों की तरह महिलाओं को भी शनि दोष से बचने के लिए शनिवार के दिन शनि से संबंधित चीजों का दान और इससे जुड़े सनातनी उपाय जैसे शनि और पीपल के पास दीया जलाना आदि करना चाहिए.
- शनि देव के कष्टों से बचने और शनि देवता की कृपा को पाने के लिए महिलाओं को भी शनि मंत्र का जप तथा शनि चालीसा और शनि स्तोत्र का पाठ करना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं