संगम नगरी प्रयागराज अपने धार्मिक और पौराणिक महत्व के लिए विशेष पहचान रखती है. गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम स्थल को ‘तीर्थराज' कहा जाता है. इसी पवित्र नगरी की रक्षा करने वाले देवता के रूप में भगवान विष्णु के वेणी माधव स्वरूप को पूजा जाता है. मान्यता है कि प्रयागराज की तीर्थयात्रा तब तक पूर्ण नहीं मानी जाती, जब तक श्रद्धालु ‘त्रिवेणी रक्षक' श्री वेणी माधव के दर्शन न कर लें. मान्यता है कि नारायण के दर्शन-पूजन से कई गुना अधिक फल की प्राप्ति होती है. ऐसे में हम आपको भगवान वेणी माधव मंदिर के बारे में बताते हैं, जिसका कनेक्शन त्रेतायुग से माना जाता है.
त्रिवेणी रक्षक का महत्व
पौराणिक मान्यताओं और पुराणों के अनुसार, श्री वेणी माधव मंदिर का संबंध त्रेतायुग से जोड़ा जाता है. कहा जाता है कि उस समय राक्षस गजकर्ण के अत्याचार से तीनों लोकों में भय और अशांति फैल गई थी. तब भगवान विष्णु ने धर्म की रक्षा के लिए उसका अंत किया और त्रिवेणी (गंगा, यमुना और सरस्वती) की सुरक्षा सुनिश्चित की. इसके बाद त्रिवेणी की प्रार्थना पर भगवान विष्णु ने प्रयाग में वेणी माधव के रूप में स्थाई रूप से निवास करने का वरदान दिया. मान्यता है कि तभी से वेणी माधव को प्रयागराज का प्रमुख देवता और त्रिवेणी का रक्षक माना जाता है. इसी कारण इस मंदिर का धार्मिक महत्व बहुत ज्यादा है.
धार्मिक ग्रंथों, विशेषकर पद्म पुराण में भी उल्लेख मिलता है कि तीर्थराज प्रयाग में भगवान विष्णु वेणी माधव के रूप में विराजमान हैं. मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और पौराणिक इतिहास का जीवंत प्रतीक भी माना जाता है.
श्री वेणी माधव मंदिर में भगवान विष्णु की श्याम वर्ण शालिग्राम शिला से बनी प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित है. इसके साथ ही त्रिवेणी देवी की प्रतिमा भी यहां स्थापित है. दोनों प्रतिमाएं काले शालिग्राम पत्थर से निर्मित हैं. भगवान वेणी माधव अपने हाथों में शंख और चक्र धारण किए हुए दर्शाए जाते हैं. मंदिर को ‘नगर देवता' और ‘लक्ष्मी नारायण मंदिर' जैसे नामों से भी जाना जाता है. मंदिर के मुख्य द्वार पर ‘नगर देवता' और ‘माधो सकल काम साधो' जैसे पवित्र वाक्य अंकित हैं, जो इसकी आध्यात्मिक महत्ता को दिखाते हैं.
भगवान विष्णु के 12 स्वरूपों की पूजा
प्रयागराज में भगवान विष्णु के कुल 12 स्वरूपों को ‘द्वादश माधव' के रूप में पूजा जाता है, जिनमें वेणी माधव को मुख्य माना गया है. अन्य स्वरूपों में चक्र माधव, गदा माधव, पद्म माधव, अनंत माधव, बिंदु माधव, मनोहर माधव, असि माधव, संकट हरण माधव, आदि वेणी माधव, आदि वट माधव और शंख माधव शामिल हैं. मान्यता है कि चक्र माधव ज्ञान और विद्या प्रदान करते हैं, जबकि आदि वट माधव को सृष्टि और प्रलय से जोड़कर देखा जाता है.
श्री वेणी माधव मंदिर कैसे पहुंचे
श्री वेणी माधव मंदिर प्रयागराज जंक्शन से लगभग सात किलोमीटर दूर दारागंज क्षेत्र के पास स्थित है. यहां पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशन से ऑटो, रिक्शा और टैक्सी की सुविधा आसानी से उपलब्ध है. मंदिर सड़क मार्ग से भी अच्छी तरह जुड़ा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होती.
श्री वेणी माधव मंदिर में दर्शन का समय
मंदिर के दर्शन का समय भी निर्धारित है. यह सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहता है. विशेष अवसरों जैसे कृष्ण जन्माष्टमी, पूर्णिमा, एकादशी और अनंत चतुर्दशी पर यहां विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं