Mahashivratri par kis shivling ki puja hoti hai: हिंदू धर्म में भगवान शिव की पूजा सभी दुखों को दूर करके सुख-सौभाग्य को बढ़ाने वाली मानी गई है. सनातन परंपरा में शिव कल्याण के देवता माने जाते हैं, जो सिर्फ जल और पत्र चढ़ाने मात्र से प्रसन्न हो जाते हैं. भगवान शिव की पूजा आप कभी भी कर सकते हैं लेकिन इसका महत्व तब और बढ़ जाता है जब आप फाल्गुन मास के कृष्णपक्ष की चतुर्दशी तिथि यानि महाशिवरात्रि पर करते हैं. महाशिवरात्रि पर किस शिवलिंग की पूजा सबसे उत्तम मानी गई है? किस शिवलिंग का अभिषेक करने पर क्या फल मिलता है? आइए इसे विस्तार से जानते हैं.
शिवलिंग पूजा के लाभ | Shivling Puja Benefits
- हिंदू धर्म में पारद शिवलिंग की पूजा का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. मान्यता है कि पारद शिवलिंग की पूजा सभी सुखों को दिलाने और कामनाओं को पूरा करने वाली होती है. हिंदू मान्यता के अनुसार यह भगवान शिव का स्वरूप होता है, जिसकी महाशिवरात्रि की पूजा करने पर साधक के सभी पाप और दोष दूर होते हैं.
- पारद शिवलिंग की तरह स्फटिक के शिवलिंग की पूजा भी अत्यंत ही शुभ और फलदायी मानी गई है. हिंदू मान्यता के अनुसार स्फटिक से बने शिवलिंग की पूजा और अभिषेक करने पर सुख-संपत्ति और बड़ी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

- यदि आप धन की कामना लिए हुए शिव की साधना करना चाहते हैं तो आपको विशेष रूप से चांदी से बने शिवलिंग की पूजा करनी चाहिए. चांदी के शिवलिंग की पूजा करने से साधक के धन-धान्य में वृद्धि होती है. चांदी की तरह सोने का शिवलिंग भी सुख-समृद्धि को बढ़ाने वाला माना गया है.
- यदि आप चांदी और सोने के शिवलिंग की पूजा न कर पाएं तो आप पीतल के शिवलिंग की पूजा करके भी देवों के देव महादेव से धन-धान्य में वृद्धि का आशीर्वाद पा सकते हैं. पीतल के शिवलिंग दुख-दरिद्रता दूर होती है.
- यदि आप इस महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ से भूमि-भवन का आशीर्वाद पाना चाहते हैं तो आपको इस दिन विशेष रूप से फूलों से बने शिवलिंग की विधि-विधान साधना करनी चाहि.
- यदि आप भगवान शिव से अच्छी सेहत का वरदान पाना चाहते हैं तो आपको महाशिवरात्रि पर मिश्री से बने शिवलिंग की पूजा करनी चाहिए. हिंदू मान्यता के अनुसार मिश्री से बने शिवलिंग का रुद्राभिषेक करने से रोग-शोक दूर होता है.

- यदि आप हर समय किसी शत्रु या फिर अकाल मृत्यु का भय बना रहता है तो आपको इस महाशिवरात्रि दूर्वा या फिर कपूर से बने शिवलिंग की विशेष रूप से पूजा करनी चाहिए.
- यदि आप इस महाशिवरात्रि पर नर्मदा नदी से प्राप्त नर्मदेश्वर शिवलिंग की पूजा करते हैं तो आपको भगवान शिव से सुख-शांति और समृद्धि का वरदान प्राप्त होता है. हिंदू मान्यता के अनुसार जिस घर में नर्मदेश्वर शिवलिंग की पूजा होती है, वहां पर हर समय सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और वहां पर कभी भी दुख-दारिद्रय का प्रवेश नहीं होता है.
Mahashivratri 2026: कब है महाशिवरात्रि, जानें चार प्रहर की पूजा से लेकर पारण तक का शुभ मुहूर्त
- महाशिवरात्रि में तमाम तरह के पूजे जाने वाले शिवलिंग में पार्थिव शिवलिंग की पूजा सबसे उत्तम मानी गई है. मान्यता है कि महाशिवरात्रि वाले दिन अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजा करने पर साधक के जीवन से जुड़ी बड़ी से बड़ी बाधा दूर हो जाती है और उसे सुख, समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है. पार्थिव शिवलिंग की पूजा करने वाला साधक शिव कृपा से सभी सुखों को भोगता हुआ अंत में शिवलोक को प्राप्त होता है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं