Lakshmi Panchami Vrat Worship Remedies: जीवन में तमाम तरह के सुखों को पाने के लिए जिस धन का होना बहुत जरूरी माना गया है, आज चैत्र मास के शुक्लपक्ष की पंचमी तिथि पर उसी धन की देवी का पावन व्रत रखा जाएगा. सनातन परंपरा में चैत्र शुक्लपक्ष की इस पंचमी तिथि को लक्ष्मी पंचमी के नाम से जाना जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार नवरात्रि के दौरान पड़ने वाले इस पर्व पर मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा, व्रत और पूजा से जुड़े सरल सनातनी उपाय को करने पर उनका आशीर्वाद पूरे साल बना रहता है. आइए लक्ष्मी पंचमी की पूजा विधि और उससे जुड़े महाउपाय के बारे में विस्तार से जानते हैं.
लक्ष्मी पंचमी व्रत की पूजा विधि

आज लक्ष्मी पंचमी पर धन की देवी को प्रसन्न करने के लिए साधक को प्रात:काल स्नान-ध्यान करने के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करना चाहिए. इसके बाद घर के ईशान कोण में एक चौकी में माता लक्ष्मी की प्रतिमा या चित्र का लाल या फिर पीले रंग का आसन बिछाकर रखना चाहिए. इसके बाद देवी लक्ष्मी पर गंगाजल छिड़कें और उन्हें चंदन, रोली, अक्षत, धूप, दीप, फल-फूल, नारियल, मिठाई आदि अर्पित करें. इसके बाद माता लक्ष्मी जी के स्तोत्र और चालीसा का पाठ तथा उनके मंत्रों का श्रद्धापूर्वक जप करें. पूजा के अंत में माता लक्ष्मी की शुद्ध देशी घी का दीया जलाकर आरती करें. पूजा कें अंत में आरती लेने के बाद मां लक्ष्मी से पूरे साल कृपा बनाए रखने के लिए आशीर्वाद मांगे.
लक्ष्मी पंचमी की पूजा के 8 अचूक उपाय
1. लक्ष्मी पंचमी पर धन की देवी का आशीर्वाद पाना है तो आज पूरे घर में साफ-सफाई रखें. साथ ही साथ अपने मेन डोर को भी साफ करके उसे मंगल प्रतीकों से सजाएं क्योंकि धन की देवी का आगमन इसी स्थान से आपके घर के भीतर होता है.
2. हिंदू मान्यता के अनुसार माता लक्ष्मी जी की पूजा में लाल रंग के पुष्प चढ़ाने से उनकी पूजा का पुण्यफल प्राप्त होता है. ऐसे में आज देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए विशेष रूप से कमल, गुलाब, गुड़हल आदि का पुष्प चढ़ाएं.
3. हिंदू मान्यता के अनुसार कमल के पुष्प की तरह माता लक्ष्मी को कमलगट्टे की माला बहुत ज्यादा प्रिय है. ऐसे में आज देवी लक्ष्मी की पूजा में कमलगट्टे की माला अर्पित करें और देवी के मंत्रों का जप भी इसी माला से ही करें.
4. यदि आप चाहते हैं कि आपकी लक्ष्मी पंचमी की पूजा और व्रत सफल हो और पूरे साल धन की देवी का आशीर्वाद बना रहे तो आज श्रीयंत्र की विशेष रूप से पूजा और श्री सूक्त का पाठ करना बिल्कुल न भूलें.
5. हिंदू मान्यता के अनुसार यदि कोई व्यक्ति आर्थिक दिक्कत में हैं और बहुत प्रयास करने के बाद भी उसे धन की देवी का आशीर्वाद न मिल पाया हो तो उसे लक्ष्मी पंचमी पर विशेष रूप से कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना चाहिए.
Chaitra Navratri 2026: नवरात्रि में कब और कैसे करना चाहिए कंजक पूजन, जानें इससे जुड़ी 9 जरूरी बातें
6. हिंदू मान्यता के अनुसार पूजा में प्रयोग लाए जाने वाले शंख को धन की देवी माता लक्ष्मी का भाई माना जाता है क्योंकि दोनों का ही प्राकट्य समुद्र मंथन से हुआ है. मान्यता है कि यदि घर में लक्ष्मी जी के साथ दक्षिणावर्ती शंख की पूजा की जाए तो धन की देवी शीघ्र ही प्रसन्न होकर धन का भंडार भर देती हैं.
7. हिंदू मान्यता के अनुसार किसी भी देवी या देवता को प्रसन्न करने के लिए मंत्र को महाउपाय माना गया है. ऐसे में आज लक्ष्मी माता को प्रसन्न करने के लिए नीचे दिये गये किसी एक मंत्र का जप जरूर करें.
ॐ महालक्ष्मी नमः
ॐ श्रीं श्रियै नम:.
ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं महालक्ष्म्यै नमः
8. लक्ष्मी पंचमी पर आज धन की देवी को प्रसन्न करने के लिए उनकी प्रिय चीजें जैसे पीली कौड़ी, श्रीफल आदि जरूर अर्पित करें. हिंदू मान्यता के अनुसार आज लक्ष्मी जी की पूजा में 5 कौड़ी, 5 हल्दी की गांठ और श्रीफल और मखाने की खीर का भोग अर्पित करने पर धन की देवी की कृपा पूरे साल बरसती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं