हिंदू धर्म में नवरात्रि का खास महत्व है. साल में चार बार नवरात्रे होते हैं. हिंदू पंचांग के अनुसार, दो नवरात्रि यानी चैत्र और शारदीय को लोग मनाते हैं और दो गुप्त नवरात्रि भी होती हैं. नवरात्रि के नौ दिन देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है. अब शारदीय नवरात्रि आ रहे हैं, जो 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं. धार्मिक मान्यता है कि नवरात्रि में विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा करने और व्रत रखने से मन को शांति मिलती है और मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है. अगर, आप भी इस बार नवरात्रि के व्रत रखने की सोच रहे हैं तो आपको कुछ नियम और व्रत की सही विधि का भी पता रहना चाहिए. चलिए आपको बताते हैं नवरात्रि के व्रत कैसे रखें?
नवरात्रि के व्रत कैसे रखें?
नवरात्रि का व्रत रखने के लिए साफ-सफाई, संकल्प, सुबह-शाम पूजा और खानपान का ध्यान रखना पड़ता है. इस दौरान सात्विक खाना ही खाया जाता है. इसके अलावा इस दौरान लहसुन-प्याज, मांस और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए. नवरात्रि के पहले दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें. इसके बाद मां दुर्गा की पूजा करें. नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना भी कई लोग करते हैं. पूजा में मां दुर्गा को फूल, फल, मिठाई और अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग अर्पित करें. व्रत का संकल्प अपनी सेहत और क्षमता के अनुसार लें. कुछ लोग नवरात्रि के व्रत फलाहार करते हैं, जबकि कुछ लोग दिन में एक समय भोजन करते हैं. ऐसे में आप अपने सेहत के हिसाब से व्रत रखें.
नवरात्रि व्रत में क्या खा सकते हैं?
नवरात्रि के व्रत में अनाज और सामान्य नमक नहीं खा सकते हैं. इस दौरान सेंधा नमक का सेवन किया जा सकता है. इसके अलावा व्रत में साबूदाना, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, राजगीर, आलू, शकरकंद, दूध, दही, फल और कुछ सूखे मेवे खा सकते हैं.
नवरात्रि व्रत के नियम
नवरात्रि के समय सिर्फ सात्विक भोजन करना चाहिए. इस दौरान मांसाहार, शराब और तंबाकू जैसी चीजों से दूर रहना चाहिए. प्याज और लहसुन भी नहीं खाना चाहिए. इसके अलावा व्रत के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए और रोजाना सुबह-शाम मां दूर्गा की पूजा करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें:- नवरात्रि के 9 दिन, मां दुर्गा के 9 स्वरूप, जानें किस दिन किस देवी की पूजा से मिलते हैं कौन से आशीर्वाद?
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं