Guru Purnima 2026 Significance: गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में गुरु-तत्त्व के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा और आत्मसमर्पण का महापर्व है. आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह पर्व महर्षि वेदव्यास की स्मृति से जुड़ा है, इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है. वर्तमान समय में जब ज्ञान के अनेक साधन उपलब्ध हैं, तब भी गुरु की महिमा और आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है. आइए गुरु को समर्पित गुरु पूर्णिमा का धार्मिक-आध्यात्मिक महत्व और गुरु की महत्ता को विस्तार से जानते हैं.
परम सत्य का प्रकाशक
भारतीय संस्कृति में गुरु को केवल शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन का मार्गदर्शक माना गया है. ‘गु' का अर्थ अंधकार और ‘रु' का अर्थ उस अंधकार को दूर करने वाला माना गया है. अर्थात् जो व्यक्ति अज्ञान, भ्रम, मोह और अविवेक के अंधकार को दूर कर ज्ञान, विवेक और सत्य का प्रकाश प्रदान करे, वही गुरु है. शास्त्रों में गुरु की महिमा का वर्णन अत्यंत श्रद्धा के साथ किया गया है-
'गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः.
गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः.'
इस श्लोक में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु, महेश और साक्षात् परब्रह्म के समान बताया गया है. इसका आशय यह है कि गुरु शिष्य के जीवन में सृजन, संरक्षण और परिवर्तन-तीनों भूमिकाएँ निभाते हैं.
वर्तमान युग में गुरु की आवश्यकता
आज का युग सूचना और तकनीक का युग है. मोबाइल, इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से व्यक्ति कुछ ही क्षणों में असंख्य जानकारियाँ प्राप्त कर सकता है. लेकिन जानकारी और ज्ञान में बहुत अंतर है. जानकारी हमें बहुत कुछ बताती है, जबकि गुरु हमें यह सिखाते हैं कि क्या स्वीकार करना है, क्या त्यागना है और जीवन में सही दिशा कौन-सी है.आज युवा पीढ़ी के सामने प्रतिस्पर्धा, तनाव, भौतिक आकर्षण और मूल्य-संकट जैसी अनेक चुनौतियाँ हैं. ऐसे समय में गुरु केवल विषय का ज्ञान नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाते हैं. वे शिष्य को सफलता के साथ-साथ संस्कार, संयम, विनम्रता और सेवा का महत्व समझाते हैं.
शास्त्रों में गुरु-शिष्य परंपरा
भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन के गुरु बनकर उसके जीवन के संशय दूर करते हैं. अर्जुन जब मोह और भ्रम से घिर जाता है, तब श्रीकृष्ण उसे कर्म, ज्ञान और धर्म का मार्ग दिखाते हैं. गीता में कहा गया है-
'तद्विद्धि प्रणिपातेन परिप्रश्नेन सेवया.
उपदेक्ष्यन्ति ते ज्ञानं ज्ञानिनस्तत्त्वदर्शिनः.'
अर्थात् उस ज्ञान को गुरु के पास जाकर, विनम्रतापूर्वक प्रश्न करके और सेवा-भाव से प्राप्त करो. यह श्लोक बताता है कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए केवल बुद्धि ही नहीं, बल्कि विनय और श्रद्धा भी आवश्यक हैं. उपनिषदों में भी गुरु के मार्गदर्शन को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है. नचिकेता और यमराज का संवाद, श्रीराम और महर्षि वशिष्ठ का संबंध, श्रीकृष्ण और अर्जुन का संवाद तथा चाणक्य और चंद्रगुप्त की परंपरा-ये सभी गुरु-शिष्य संबंध की महानता के उदाहरण हैं.
जीवन में सद्गुणों को अपनाएं
गुरु पूर्णिमा हमें स्मरण कराती है कि जीवन में हमारी उपलब्धियों के पीछे माता-पिता, शिक्षक, संत, आचार्य और मार्गदर्शकों का योगदान होता है. गुरु पूर्णिमा पर गुरु के चरणों में श्रद्धा अर्पित करना केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है. सच्ची गुरु-भक्ति केवल पुष्प, वस्त्र या सम्मान अर्पित करने में नहीं है. गुरु की वास्तविक पूजा तब होती है जब शिष्य उनके बताए मार्ग पर चलता है, अपने जीवन में सद्गुणों को अपनाता है और समाज के लिए उपयोगी बनता है.
गुरु-वचन ही जीवन की दिशा
आज के समय में अनेक लोग सफलता तो चाहते हैं, लेकिन सही दिशा नहीं चुन पाते. गुरु शिष्य को बताते हैं कि सफलता केवल धन, पद और प्रसिद्धि का नाम नहीं है. वास्तविक सफलता वह है जिसमें व्यक्ति अपने जीवन के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के लिए भी उपयोगी बने.गुरु शिष्य को गिरने से हमेशा नहीं बचाते, बल्कि गिरकर उठना सिखाते हैं. वे कठिनाइयों को समाप्त नहीं करते, बल्कि कठिनाइयों का सामना करने की शक्ति देते हैं. यही गुरु की सबसे बड़ी महिमा है.
Sant Ki Seekh: संघर्ष की राह पर अडिग रहने से ही मिलती है मनचाही सफलता
गुरु-ऋण चुकाने का अवसर
गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपनी जड़ों, संस्कारों और आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ता है. वर्तमान समय में जब मनुष्य बाहरी उपलब्धियों के बावजूद भीतर से अशांत है, तब गुरु का मार्गदर्शन उसके जीवन को संतुलन, शांति और सार्थकता प्रदान कर सकता है. इसलिए गुरु पूर्णिमा पर केवल गुरु को प्रणाम करना पर्याप्त नहीं; हमें उनके ज्ञान को अपने आचरण में उतारना चाहिए. शास्त्रों की भावना यही है कि गुरु वह दीपक हैं जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देते हैं. उनके प्रति सच्ची श्रद्धा यही है कि हम अपने जीवन को ज्ञान, सदाचार, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलाकर गुरु-ऋण चुकाने का प्रयास करें.
गुरु वह परम शक्ति हैं, जो मनुष्य को केवल सफल नहीं, बल्कि श्रेष्ठ और सार्थक जीवन जीना सिखाने का कार्य करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं