सनातन धर्म में पितृपक्ष का विशेष महत्व है. 16 दिनों तक चलने वाले इस काल में हम अपने पितरों के लिए तर्पण और पिंडदान करते हैं, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिले और उनका आशीर्वाद परिवार पर बना रहे. हिंदू धर्म में पितृपक्ष को पूर्वजों के तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान के लिए सबसे पवित्र समय माना जाता है. इस साल पितृपक्ष की शुरुआत 26 सितंबर से होगी और 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ इसका समापन होगा. इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बिहार के गयाजी धाम पहुंचते हैं और अपने पितरों के लिए पिंडदान करते हैं. आखिर पिंडदान के लिए गयाजी को इतना विशेष महत्व क्यों दिया गया है? हर साल लाखों लोग गयाजी पहुंचकर ही पिंडदान क्यों करना चाहते हैं?
गयाजी में पिंडदान क्यों किया जाता है?
पितृपक्ष हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद पूर्णिमा से शुरू होकर आश्विन मास की सर्वपितृ अमावस्या तक चलने वाला 16 दिनों का विशेष पक्ष है. इस अवधि में लोग अपने दिवंगत माता-पिता, दादा-दादी और अन्य पूर्वजों की शांति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करते हैं. मान्यता है कि इन दिनों पितरों का स्मरण और उनके नाम से दान-पुण्य करने से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है. धार्मिक ग्रंथों जैसे गरुड़ पुराण, विष्णु पुराण और वायु पुराण में गयाजी को पितृ कर्मों के लिए सर्वोच्च तीर्थ बताया गया है. मान्यता है कि गयाजी में किया गया श्राद्ध और पिंडदान पितरों को विशेष फल प्रदान करता है. मान्यता है कि गयाजी में विधि-विधान से पिंडदान करने पर पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है और उन्हें जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति मिलती है.
पौराणिक कथा के अनुसार, गयासुर नामक तपस्वी असुर के शरीर पर भगवान विष्णु ने अपने चरण रखे थे. जिस स्थान पर भगवान विष्णु का पदचिह्न माना जाता है, वहीं आज प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर स्थित है. माना जाता है कि गयासुर के वरदान के कारण यहां किए गए पिंडदान से पूर्वजों की आत्मा को शांति और मोक्ष प्राप्त होता है.
गयाजी का विष्णुपद मंदिर
विष्णुपद मंदिर, गयाजी में फल्गु नदी के तट पर एक प्रसिद्ध और प्राचीन हिंदू मंदिर है. यह भगवान विष्णु को समर्पित है. इस मंदिर में भगवान विष्णु के लगभग 40 सेंटीमीटर लंबे पवित्र चरण चिह्न आज भी मौजूद हैं, जिसमें शंख, चक्र और गदा जैसे नौ प्रतीक बने हैं. यह स्थान पितरों के मोक्ष और तर्पण यानी पिंडदान के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. एक अन्य मान्यता के अनुसार, भगवान राम ने अपने पिता राजा दशरथ के लिए गयाजी में श्राद्ध किया था. वहीं, माता सीता द्वारा फल्गु नदी तट पर पिंडदान करने की कथा भी प्रचलित है.
यह भी पढ़ें:- पितरों के तर्पण में काला तिल क्यों चढ़ाया जाता है? जानिए धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व
यह भी पढ़ें:- पितृपक्ष में ऋषि तर्पण का क्या महत्व है? अगस्त्य मुनि की कथा से जानिए इसका रहस्य
यह भी पढ़ें:- पितृपक्ष में नए कपड़े और चीजें खरीदें या नहीं, जानिए क्या है मान्यता?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं