हर किसी की चाहत होती है कि उनके बाल खूब लंबे, घने, मजबूत और शाइनी दिखें. इसके लिए लोग तमाम तरह के जतन करते हैं. कोई बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए महंगे- महंगे प्रोडक्ट्स लगाता है, तो कोई अलग-अलग घरेलू नुस्खे ट्राई करता है. मशहूर टीवी एंकर और कॉमेडियन भारती सिंह ने भी एक ऐसा ही नुस्खा बताया है. गौरतलब है कि छोटे पर्दे से अलग भारती सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं. खासकर अपने यूट्यूब चैनल पर कॉमेडियन डेली व्लॉग्स शेयर करती हैं. ऐसे ही एक व्लॉग में भारती ने बालों को लंबा और घना बनाने के लिए एक खास तेल बनाने का तरीका बताया है. वीडियो में भारती बताती हैं कि शूटिंग के दौरान उनके बालों पर कई तरह के प्रोडक्ट्स लगाए जाते हैं. साथ ही ड्रायर और स्ट्रेटनर का भी इस्तेमाल होता है. इससे उनके बाल काफी रूखे और फ्रिजी हो गए हैं. इन सब परेशानियों से निजात पाने और बालों की ग्रोथ को नेचुरल तरीके से बढ़ाने के लिए भारती ने एक खास तेल की रेसिपी शेयर की है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें
इस खास तेल को बनाने के लिए आपको
- एक मुट्ठी मेथी दाना
- एक मुट्ठी कड़ी पत्ता
- बारीक कटी हुई 2 प्याज और
- नारियल तेल की जरूरत होगी.
यह भी देखें-
बाल लंबे करने वाला तेल घर पर कैसे बनाएं?- इसके लिए सबसे पहले एक लोहे की कढ़ाई में नारियल का तेल डालकर हल्का गर्म कर लें.
- अब, इस तेल में मेथी दाने को कूटकर डालें.
- इसके बाद तेल में कड़ी पत्ता डालकर अच्छे से चलाएं.
- जब करी पत्ता हल्का रंग बदलने लगे, तब कढ़ाई में प्याज डाल दें.
- सभी चीजों को तेल में धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकाएं.
- जब तेल अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें और उसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें.
- ठंडा होने के बाद तेल को छानकर किसी साफ बोतल में भर लें. इतना करते ही आपका तेल बालों में लगाने के लिए तैयार हो जाएगा.
वीडियो में भारती इस तेल को हफ्ते में कम से कम दो बार बालों में लगाने की सलाह देती हैं. तेल लगाने से पहले इसे हल्का गुनगुना कर लें और हमेशा साफ बालों और स्कैल्प पर ही लगाएं. तेल को एक से दो घंटे तक बालों में रखें और फिर नॉर्मल शैंपू से हेयर वॉश कर लें.
कैसे फायदेमंद हो सकता है ये तेल?बता दें कि नारियल के तेल, कड़ी पत्ता, मेथी दाना और प्याज को बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है.
- नारियल के तेल में मॉइस्चराइज और कंडीशनिंग गुण होते हैं. ये बालों की डीप कंडीशनिंग में मदद करते हैं. इससे बाल जड़ से मजबूत होते हैं और कम टूटते हैं. इसके साथ ही नारियल के तेल में लॉरिक एसिड पाया जाता है. लॉरिक एसिड मीडियम चेन फैटी एसिड होता है, जो बालों में प्रोटीन को बांधता है, जिससे भी आपके बाल हेल्दी रहते हैं.
- कड़ी पत्ता में बीटा-कैरोटीन, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो स्कैल्प को पोषण देते हैं और बालों को मजबूत बनाते हैं.
- मेथी दाना को भी बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. प्रोटीन, आयरन और निकोटिनिक एसिड से भरपूर मेथी बालों की जड़ों को पोषण देती है और स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाती है. इससे बाल हेल्दी रहते हैं और हेयर ग्रोथ में भी मदद मिल सकती है.
- इन सब से अलग प्याज के अर्क को भी बालों के लिए अच्छा माना जाता है. हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्याज में ऐसे कई गुण पाए जाते हैं जो बालों और स्कैल्प की देखभाल में मदद कर सकते हैं और हेयर ग्रोथ को बढ़ावा देने में भी असर दिखा सकते हैं.
ऐसे में बालों को लंबा, घना और मजबूत करने के लिए आप भी भारती सिंह का बताया ये नुस्खा ट्राई कर सकते हैं. लेकिन तेल को स्कैल्प पर सीधे लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर करें.
यह भी पढ़ें- मुल्तानी मिट्टी में फिटकरी मिलाकर चेहरे पर लगाने से क्या होता है? एक्सपर्ट से जान लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं