सनातन धर्म में एकादशी का विशेष महत्व माना गया है. यह दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत के लिए सबसे शुभ माना जाता है. मान्यता है कि एकादशी के दिन श्रद्धा और नियम के साथ व्रत रखने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है. साल में कुल 24 एकादशी आती हैं और हर महीने कृष्ण पक्ष व शुक्ल पक्ष में एक-एक एकादशी पड़ती है. जुलाई की दोनों एकादशी बीत चुकी हैं. अब अगस्त महीने में कामिका एकादशी और पुत्रदा एकादशी का व्रत रखा जाएगा. आइए जानते हैं इन दोनों एकादशी की सही तिथि, शुभ मुहूर्त और पारण का समय.
कामिका एकादशी 2026 कब है?
वैदिक पंचांग के अनुसार, सावन माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 9 अगस्त 2026 को रात 3 बजकर 29 मिनट से शुरू होगी और उसी दिन रात 12 बजकर 34 मिनट तक रहेगी. हालांकि, उदया तिथि के नियम के अनुसार कामिका एकादशी का व्रत 8 अगस्त 2026 को रखा जाएगा.
कामिका एकादशी व्रत का पारण कब किया जाएगा?व्रत का पारण अगले दिन यानी 9 अगस्त को किया जाएगा. पारण का शुभ समय सुबह 6 बजकर 5 मिनट से 8 बजकर 39 मिनट तक रहेगा.
कामिका एकादशी पर शुभ योगइस बार कामिका एकादशी के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है. यह शुभ योग सुबह 6 बजकर 4 मिनट से 6 बजकर 21 मिनट तक रहेगा. धार्मिक मान्यता है कि इस योग में भगवान विष्णु की पूजा और दान-पुण्य करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है.
पुत्रदा एकादशी 2026 कब है?सावन माह के शुक्ल पक्ष की पुत्रदा एकादशी तिथि 22 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजकर 30 मिनट से शुरू होगी और 23 अगस्त को शाम 5 बजकर 48 मिनट तक रहेगी. उदया तिथि के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को पुत्रदा एकादशी का व्रत रखा जाएगा.
पुत्रदा एकादशी व्रत का पारण कब किया जाएगा?इस व्रत का पारण 24 अगस्त को सुबह 6 बजकर 9 मिनट से 8 बजकर 40 मिनट के बीच किया जाएगा. श्रद्धालु इस समय में नियमपूर्वक व्रत का समापन कर सकते हैं.
पुत्रदा एकादशी पर भी बनेगा शुभ संयोगइस वर्ष पुत्रदा एकादशी पर भी सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग रहेगा. यह योग 23 अगस्त को सुबह 6 बजकर 8 मिनट से 7 बजकर 14 मिनट तक रहेगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस शुभ समय में भगवान विष्णु की पूजा, मंत्र जाप और व्रत करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- Aparajita Plant Vastu Tips: घर की इस दिशा में लगाना चाहिए अपराजिता का पौधा, आप पर मां लक्ष्मी होंगी मेहरबान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं