अगस्त 2026 खगोलीय घटनाओं के लिहाज से काफी खास है. बीते 12 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण लगने के बाद अब इस महीने चंद्र ग्रहण भी लगने वाला है. ये साल 2026 का आखिरी चंद्र ग्रहण होगा. ऐसे में आइए जानते हैं अगस्त में चंद्र ग्रहण कब लगेगा, कितने समय तक रहेगा, साथ ही जानेंगे ये चंद्र ग्रहण भारत में दिखेगा या नहीं, सूतक काल मान्य रहेगा या नहीं-
अगस्त में चंद्र ग्रहण कब लगेगा?
बता दें कि चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है. इस दौरान पृथ्वी की छाया का कुछ हिस्सा चंद्रमा पर पड़ता है. साल 2026 का आखिरी चंद्र ग्रहण 28 अगस्त, शुक्रवार को लगेगा. इसी दिन रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया जाएगा. यह आंशिक यानी खंडग्रास चंद्र ग्रहण होगा. ग्रहण की शुरुआत सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर होगी और यह सुबह 11 बजकर 22 मिनट तक रहेगा. इस दौरान चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित रहेगा. आंशिक ग्रहण में चंद्रमा का केवल कुछ हिस्सा ही पृथ्वी की छाया में आता है.
भारत में दिखाई देगा या नहीं?28 अगस्त का यह आंशिक चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा. इससे अलग यह मुख्य रूप से उत्तर अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में नजर आएगा.
क्या सूतक काल मान्य रहेगा?हिंदू धर्म में चंद्र ग्रहण से पहले सूतक काल का विशेष महत्व माना जाता है. चंद्र ग्रहण से करीब 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है. इस दौरान कोई शुभ कार्य नहीं किया जाता है. हालांकि, क्योंकि ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा, ऐसे में इसका सूतक काल भी मान्य नहीं रहेगा. यानी ग्रहण के कारण धार्मिक कामों पर रोक नहीं मानी जाएगी. लोग अपनी सामान्य पूजा-पाठ और दूसरे शुभ कार्य कर सकते हैं. हालांकि, अगर आप धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हैं, तो अपनी आस्था के अनुसार पूजा-पाठ और नियमों का पालन कर सकते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- Sawan Putrada Ekadashi 2026: कब है श्रावण पुत्रदा एकादशी, जानें व्रत की सही तारीख और पारण का शुभ मुहूर्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं