Aaj ka Rashifal 18 September 2026: आज चंद्रमा के राशि परिवर्तन का असर सभी 12 राशियों के जीवन पर अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है. किसी राशि को धन लाभ के संकेत मिलेंगे तो किसी को खर्चों पर नियंत्रण रखने की जरूरत होगी. वहीं करियर, कारोबार, प्रेम संबंध, पारिवारिक जीवन और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं. जानिए मेष से मीन राशि तक का आज का राशिफल और समझें कि आपके लिए दिन कैसा रहने वाला है.
1. मेष राशि
मेष राशि से चंद्रमा का अष्टम भाव में गोचर आज जीवन में कुछ अचानक घटित करवा सकता है. अचानक खर्च या ऐसी परिस्थिति सामने आ सकती है जिसकी आपने पहले से योजना नहीं बनाई. किसी को उधार देने, बिना पूरी जानकारी के निवेश करने या केवल भरोसे के आधार पर आर्थिक जिम्मेदारी लेने से पहले विचार करें. बोलचाल में आपके सही शब्द किसी उलझे हुए मामले को संभाल सकते हैं, जबकि कठोर भाषा मामूली बात को बिगाड़ सकती है. वरिष्ठ व्यक्ति के सामने अपनी बात रखते समय तथ्य और प्रमाण साथ रखना बेहतर रहेगा. व्यापारियों को भुगतान, हिसाब-किताब और साझेदारी से जुड़े कागज ध्यान से देखने चाहिए. बोलचाल में धैर्य बनाए रखें. आज खाने पीने के शौक में वृद्धि महसूस करेंगे.
2. वृषभ राशि
वृषभ राशि से चंद्रमा का सप्तम भाव में गोचर रहेगा. काम हो या निजी जीवन, अकेले निर्णय लेने के बजाय दूसरे पक्ष की राय समझने से स्थिति बेहतर रहेगी. व्यापारिक साझेदारी के लिए बातचीत का अवसर देने वाला रहेगा आज का दिन. किसी की नाराजगी को अपनी कमी मान लेना ठीक नहीं. दांपत्य जीवन में अपनी बात रखने के साथ सामने वाले की परेशानी सुनना भी जरूरी है. पुराने मुद्दे को बार-बार उठाने से घर का माहौल बिगड़ सकता है. सहकर्मी के साथ मतभेद हो तो उसे सार्वजनिक चर्चा का विषय न बनाएं. किसी महत्वपूर्ण बैठक में आपकी बात सुनी जाएगी, बशर्ते आप आक्रामक शैली के बजाय स्पष्ट और संयमित तरीके से अपनी बात रखें.
3. मिथुन राशि
मिथुन राशि से चंद्रमा का छठे भाव में गोचर आज आपको उन कामों की ओर खींच सकता है जिन्हें आप लम्बे समय से आने वाले कल पर छोड़ रहे थे. परिस्थितियां पूरी तरह आपके नियंत्रण में न हों, फिर भी अपनी कार्यप्रणाली सुधारकर काफी कुछ संभाला जा सकता है. किसी के साथ अनावश्यक बहस में पड़ने के बजाय परिणाम पर ध्यान देना आपके लिए ज्यादा उपयोगी रहेगा. अपने काम की गुणवत्ता मजबूत रखें. नौकरी में किसी सहकर्मी की गलती का भार अपने ऊपर लेने से पहले स्थिति स्पष्ट कर लें. यदि यात्रा की योजना है तो समय और खर्च दोनों का हिसाब पहले बना लेना बेहतर होगा. कामकाज के स्तर पर कोई ऐसा दायित्व मिल सकता है जिसे पूरा करने में अतिरिक्त समय लगे.
4. कर्क राशि
कर्क राशि से चंद्रमा का पांचवें भाव में गोचर आपकी रचनात्मकता और कलात्मकता में वृद्धि करेगा. कोई विचार लंबे समय से मन में चल रहा है तो उसे आकार देने के लिए आज का दिन उपयोगी हो सकता है. बच्चों की पढ़ाई या भविष्य से संबंधित कोई बात आपको गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित कर सकती है. प्रेम संबंधों में भावनाओं की तीव्रता बढ़ सकती है. चंद्रमा की दृष्टि ग्यारहवें भाव पर होने से लाभ, आय और संपर्कों के क्षेत्र में हलचल रहेगी. व्यापार में ग्राहक या संपर्क बढ़ाने के लिए बातचीत का अच्छा अवसर मिलेगा. आर्थिक मामलों में किसी अपेक्षित लाभ की खबर मिल सकती है, लेकिन उसे हाथ में आने से पहले निश्चित मानकर खर्च की योजना न बनाएं. निवेश से जुड़े निर्णयों में भावनात्मक उत्साह के बजाय आंकड़ों को महत्व देना आपके हित में रहेगा.
5. सिंह राशि
सिंह राशि से चंद्रमा का चौथे भाव में गोचर से आज आप कहीं बाहर जाने से अच्छा घर में रहना अदिक पसंद करेंगे. दूसरों की अपेक्षाओं के अनुसार लगातार चलते रहने के बजाय यह समझना जरूरी होगा कि आपको वास्तव में किस दिशा में संतुलन चाहिए. चंद्रमा की दृष्टि दसवें भाव पर पड़ने से कार्यक्षेत्र आज विशेष सक्रिय रहेगा. काम को प्राथमिकता के अनुसार बांटेंगे तो दोनों मोर्चे संभाले जा सकेंगे. नौकरी करने वालों को वरिष्ठ अधिकारी के सामने अपनी उपलब्धियों को स्पष्ट रूप से रखना चाहिए. व्यापार में काम की गति बढ़ सकती है. कोई पुराना संपर्क दोबारा सक्रिय होकर नया अवसर दे सकता है. भुगतान की शर्तें और समयसीमा पहले निश्चित कर लें. जो लोग घर से व्यवसाय करते हैं, उनके लिए निजी और व्यावसायिक मामलों को अलग रखना फायदेमंद रहेगा.
6. कन्या राशि
कन्या राशि से चंद्रमा का तीसरे भाव में गोचर आज आपके पराक्रम और साहस में वृद्धि करेगा. किसी काम को दूसरों के भरोसे छोड़ने के बजाय स्वयं पहल करना अधिक परिणामदायक रहेगा. छोटे स्तर से शुरू किया गया प्रयास आगे चलकर उपयोगी साबित हो सकता है. भाई-बहन से जुड़ा कोई विषय बातचीत करने से बेहतर होगा. आपकी कही हुई कोई बात सामने वाला अपेक्षा से अधिक गंभीरता से ले सकता है, इसलिए शब्द चुनकर बोलें. उच्च शिक्षा से जुड़े लोगों को लाभ होगा. धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी. किसी धार्मिक यात्रा का विचार बन सकता है, लेकिन कार्यक्रम में अचानक बदलाव की गुंजाइश रखें. कामकाज में आपकी मेहनत नजर आएगी, विशेषकर उन कार्यों में जहां लगातार संपर्क और फॉलोअप की आवश्यकता है. मीडिया, लेखन, बिक्री, शिक्षा, संचार या ऑनलाइन काम से जुड़े लोगों को अपनी बात लोगों तक पहुंचाने का अच्छा अवसर मिल सकता है.
7. तुला राशि
तुला राशि से चंद्रमा का दूसरे भाव में गोचर धन वृद्धि कराने वाला होगा. पैसा आए तो उसे तुरंत खर्च करने के बजाय आने वाले दिनों की जरूरतों को ध्यान में रखना बेहतर रहेगा. परिवार में किसी सदस्य की जरूरत पूरी करने के लिए अतिरिक्त धन लग सकता है. आपकी कही हुई छोटी-सी बात भी सामने वाला लंबे समय तक याद रख सकता है. इससे अचानक सामने आने वाले विषयों को लेकर मन थोड़ा अस्थिर हो सकता है. किसी पुराने आर्थिक लेन-देन, कागजी प्रक्रिया या पारिवारिक मामले की दोबारा चर्चा हो सकती है. गुप्त जानकारी या किसी दूसरे की निजी बात को आगे बढ़ाना भी आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. नौकरी में वेतन, बचत, भुगतान या किसी वित्तीय सुविधा से जुड़ी चर्चा संभव है. व्यापार में पुराने बकाये की वसूली पर ध्यान देना उपयोगी रहेगा.
8. वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि में चंद्रमा का प्रथम भाव में गोचर आज आपकी मनःस्थिति, निर्णय लेने के तरीके और लोगों के सामने आपकी छवि को प्रभावित करेगा. इसलिए महत्वपूर्ण फैसला लेते समय अपने बदलते मूड को निर्णय का आधार न बनने दें. व्यक्तिगत जीवन में कोई ऐसा विषय उठ सकता है जिसे आप लंबे समय से टालते आए हैं. सामने वाले की बात पूरी सुनने के बाद जवाब देना ज्यादा प्रभावी रहेगा. जीवनसाथी के साथ यदि पहले से कोई मतभेद चल रहा है तो आज उसे सुलझाने की शुरुआत की जा सकती है. व्यापारियों के लिए ग्राहक और साझेदार के साथ बातचीत महत्वपूर्ण रहेगी. जिस व्यक्ति के साथ काम करने जा रहे हैं, उसकी जिम्मेदारी और अधिकार पहले से तय कर लें. नौकरी में भी टीमवर्क की जरूरत बढ़ेगी और दूसरों के सहयोग से कोई काम अपेक्षा से जल्दी पूरा हो सकता है.
9. धनु राशि
धनु राशि से चंद्रमा का बारहवें भाव में गोचर आज आपको खर्च, दूरस्थ संपर्क, यात्रा और निजी चिंतन से जुड़े विषयों में व्यस्त रख सकता है. जरूरी और गैरजरूरी खर्च के बीच अंतर करना आज महत्वपूर्ण रहेगा. विशेष रूप से दिखावे या भावनाओं में आकर खरीदारी करने से बचें. विदेश में काम या पढ़ाई कर रहे लोगों से बातचीत हो सकती है. दूर के स्थान से कोई सूचना मिलने की संभावना है. छोटी सी लापरवाही परेशानी बढ़ा सकती है. किसी काम में अड़चन आए तो उससे घबराने के बजाय समस्या को छोटे हिस्सों में बांटकर निपटाएं. अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रखें और दूसरे के काम की कमी अपने ऊपर लेने से पहले स्थिति समझ लें. दूसरों के आर्थिक विवाद में बिना पूरी जानकारी के मध्यस्थता करने से बचना बेहतर होगा.
10. मकर राशि
मकर राशि से चंद्रमा का ग्यारहवें भाव में गोचर लाभ, आय और सामाजिक संपर्कों के लिहाज से सक्रियता बढ़ाएगा. लंबे समय से जिस भुगतान या लाभ की प्रतीक्षा थी, उसमें आगे बढ़ने के संकेत मिल सकते हैं. आपके संपर्क क्षेत्र में किसी प्रभावशाली व्यक्ति से संवाद हो सकता है. नौकरी में आपकी मेहनत को पहचान मिल सकती है, खासकर यदि आपने हाल में कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली है. चंद्रमा की दृष्टि पांचवें भाव पर पड़ रही है. इससे बुद्धि, संतान, शिक्षा और रचनात्मक सोच से जुड़े विषय महत्वपूर्ण होंगे. केवल पहले से पढ़ी हुई चीजों का अभ्यास करते रहना पर्याप्त नहीं होगा. संतान से जुड़ी कोई उपलब्धि आपको प्रसन्न कर सकती है, लेकिन बच्चों की छोटी गलती को लेकर बहुत अधिक कठोर रवैया अपनाने से बचें. आर्थिक रूप से आज लाभ की संभावना अच्छी है. किसी मित्र के सुझाव पर पैसा लगाने से पहले स्वयं जानकारी जुटाएं.
11. कुंभ राशि
कुंभ राशि से चंद्रमा का दशम भाव में गोचर आज आपके कर्मक्षेत्र को केंद्र में रखेगा. नौकरी या व्यवसाय में किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का दबाव बढ़ सकता है. जिस काम को आप लंबे समय से अपनी प्राथमिकता मान रहे हैं, उसमें आगे बढ़ने के लिए सक्रिय कदम उठाना उचित रहेगा. कार्यस्थल पर वरिष्ठ व्यक्ति आपकी कार्यशैली पर ध्यान दे सकते हैं. कोई पुराना काम दोबारा आपके सामने आ सकता है और उसमें सुधार की अपेक्षा की जा सकती है. व्यापार में किसी ग्राहक या अधिकारी से हुई बातचीत आगे की दिशा तय कर सकती है. माता या घर के किसी वरिष्ठ सदस्य की जरूरत पर ध्यान देना पड़ेगा. संपत्ति, वाहन अथवा घर से संबंधित कोई निर्णय सामने आए तो जल्दबाजी न करें. व्यापारियों को प्रतिष्ठित ग्राहक से जुड़ा कोई अवसर मिल सकता है. जो लोग नया काम शुरू करने की सोच रहे हैं, उन्हें पहले उसकी व्यावहारिक तैयारी पूरी करनी चाहिए.
12. मीन राशि
मीन राशि से चंद्रमा का नवम भाव में गोचर आज भाग्य, गुरुजनों, धर्म और लंबी दूरी से जुड़े विषयों की ओर आपका ध्यान केन्द्रित रखेगा. धार्मिक यात्रा या किसी आध्यात्मिक स्थल पर जाने का विचार बन सकता है. यात्रा हो तो समय की कमी के कारण कार्यक्रम को बहुत अधिक व्यस्त न रखें. किसी जरूरी फोन कॉल, संदेश या मुलाकात के जरिए काम आगे बढ़ सकता है. छोटे भाई-बहन से जुड़ी कोई जिम्मेदारी सामने आए तो उसे टालना उचित नहीं होगा. कामकाज में आज आपकी पहल महत्वपूर्ण रहेगी. लेखन, शिक्षण, परामर्श, मीडिया या संचार से जुड़े लोगों के लिए अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिल सकता है. धन के मामले में दूर की योजना बनाना लाभदायक रहेगा. परिवार में पिता या किसी वरिष्ठ सदस्य की सलाह महत्वपूर्ण हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं