विज्ञापन

रसोई की ये 4 गलतियां घर की तरक्की पर डाल सकती हैं असर, एस्ट्रोलॉजर ने बताया

एस्ट्रोलॉजर निकिता जैन ने वास्तु के मुताबिक, रसोई से जुड़ी 4 गलतियों के बारे में बताया है. एस्ट्रोलॉजर कहती हैं इन गलतियों को करने से घर में सुख-समृद्धि रुक सकती है और तरक्की में बाधा आ सकती है. आइए जानते हैं इनके बारे में-

रसोई की ये 4 गलतियां घर की तरक्की पर डाल सकती हैं असर, एस्ट्रोलॉजर ने बताया
एस्ट्रोलॉजर निकिता जैन ने बताई रसोई से जुड़ी वास्तु मान्यताएं
(Photo Credit: NDTV)

हिंदू धर्म और वास्तु में रसोई को घर का सबसे खास हिस्सा माना गया है. ऐसे में रसोई को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखने की सलाह दी जाती है. रसोई का सीधा संबंध घर की सुख-समृद्धि से भी जुड़ा होता है. माना जाता है कि रसोई में की गईं कुछ आम गलतियां सुख-समृद्धि को रोक सकती हैं या तरक्की में बाधा का कारण बन सकती हैं. एस्ट्रोलॉजर निकिता जैन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने रसोई से जुड़ी 4 ऐसी ही गलतियों के बारे में बताया है. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

रातभर सिंक में जूठे बर्तन छोड़ना 

एस्ट्रोलॉजर कहती हैं, कई घरों में रात का खाना खाने के बाद बर्तन सुबह धोने के लिए छोड़ दिए जाते हैं. हालांकि, वास्तु और धार्मिक मान्यताओं में ऐसा करना ठीक नहीं माना जाता है. माना जाता है कि रातभर सिंक में जूठे बर्तन छोड़ने से मां लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं और घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है. इसलिए कोशिश करें कि रात को सोने से पहले रसोई साफ कर लें और जूठे बर्तन धोकर रख दें.

रसोई में चप्पल-जूते लेकर जाना

एस्ट्रोलॉजर बताती हैं, रसोई में जूते-चप्पल पहनकर नहीं जाना चाहिए. वास्तु मान्यताओं के अनुसार, इससे बृहस्पति की ऊर्जा पर असर पड़ सकता है. बृहस्पति को ज्योतिष में ज्ञान, तरक्की और सौभाग्य से जोड़ा जाता है. ऐसे में रसोई में चप्पल पहनकर जाने से ग्रोथ रुक सकती है. 

नमक का डिब्बा खुला छोड़ना 

कई बार इस्तेमाल करने के बाद हम नमक के डिब्बे को खुला छोड़ देते हैं. एस्ट्रोलॉजर ऐसा भी नहीं करने की सलाह देती हैं. निकिता जैन के मुताबिक, वास्तु में नमक को शनि ग्रह से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए नमक को खुला रखने के बजाय हमेशा डिब्बे में अच्छी तरह बंद करके रखें. 

टूटे हुए बर्तन इस्तेमाल करना 

इन सब से अलग एस्ट्रोलॉजर बताती हैं, अगर रसोई में रखा कोई बर्तन टूट गया है या किसी बर्तन में क्रैक पड़ गया है, तो उसे इस्तेमाल करने से बचें. वास्तु मान्यताओं में बर्तनों को शुक्र ग्रह और घर की सुख-सुविधा से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए टूटे बर्तनों को अलग कर देना बेहतर माना जाता है.

धार्मिक और वास्तु मान्यताओं के अनुसार, साफ रसोई से घर में सकारात्मक माहौल बना रहता है. इसलिए छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपनी रसोई को साफ और व्यवस्थित रख सकते हैं, साथ ही घर की उर्जा को भी सकारात्मक बनाए रख सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- अपनी नजर खुद कैसे उतारें? एस्ट्रोलॉजर से जानें आसान विधि, नजर उतारने का सही समय और दिन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kitchen Vastu, Faith News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com