राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला अपने प्रेमी के साथ मिलकर बीच सड़क पर पति की पिटाई करती नजर आ रही है. स्क्वायर मॉल के पास हुए इस हंगामे ने आसपास मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए थे कि मौके पर मौजूद दुकानदारों को बीच-बचाव कर मामला शांत कराना पड़ा.
बीच सड़क पर पति की पिटाई से हड़कंप
घटना वसंत कुंज के स्क्वायर मॉल के पास की बताई जा रही है, जहां महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खुलेआम पति को रोक लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. यह सब पुलिस चौकी के पास ही हुआ, जिससे राहगीर और दुकानदार भी इकट्ठा हो गए. देखते ही देखते वहां भीड़ लग गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
रास्ते में रोककर किया हमला
चश्मदीद आदित्य कुमार के मुताबिक, पीड़ित युवक रास्ते से गुजर रहा था, तभी उसकी पत्नी और उसका प्रेमी उसे रोककर मारने लगे. बताया जा रहा है कि महिला ने पहले युवक से शादी की थी, लेकिन कुछ समय बाद उसे छोड़कर दूसरे शख्स के साथ रहने लगी. इसी वजह से दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
दुकानदारों ने किया बीच-बचाव
मौके पर मौजूद दुकानदार आदित्य कुमार ने बताया कि जब उन्होंने शोर सुना तो आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंचे. उन्होंने किसी तरह दोनों को समझा-बुझाकर युवक को छुड़ाया. दुकानदारों ने महिला और उसके प्रेमी से सवाल किया कि दूसरी शादी करने के बाद भी उसे पीटने का क्या हक है.
‘नहीं बचाते तो जान जा सकती थी'
प्रत्यक्षदर्शी आदित्य कुमार का कहना है कि अगर समय रहते लोग बीच में नहीं आते, तो मामला और गंभीर हो सकता था. उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी युवक को बुरी तरह पीट रहे थे और हालत ऐसी हो गई थी कि उसकी जान भी जा सकती थी. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं