दिल्ली की अमर कॉलोनी में हुए फायरिंग केस में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. मामूली कहासुनी के बाद 17 साल के नाबालिग को गोली मारने की वारदात में 5 रसूखदार युवक शामिल थे. मुख्य आरोपी ने सरेंडर कर दिया है, जबकि 4 अब भी फरार हैं.
दरअसल मंगलवार (26 मई) शाम करीब 7:54 बजे अमर कॉलोनी इलाके में फायरिंग की वारदात हुई. 17 साल का नाबालिग एक फूड स्टॉल पर दोस्तों के साथ खाना खा रहा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां से गुजर रहे थे और एक युवक का हाथ कुर्सी से टकरा गया. इसी बात पर मामूली कहासुनी हुई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले वहां से चले गए, लेकिन 4-5 मिनट बाद वापस लौटे और तभी एक युवक ने नाबालिग पर गोली चला दी.
नाबालिग की हालत गंभीर
घायल को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया. बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक हालत गंभीर है लेकिन स्थिर बनी हुई है. नाबालिग के पिता छतरपुर एन्क्लेव में लॉन्ड्री का काम करते हैं.
5 रसूखदार आरोपियों का खुलासा
सूत्रों के अनुसार इस वारदात में कुल 5 आरोपी शामिल थे, जिनके बारे में पुलिस ने खुलासा किया है. मुख्य शूटर ओखला का रहने वाला है. हर महीने लाखों रुपये किराए से उसके परिवार की आय है. पहले भी कालकाजी में फायरिंग (2025) कर चुका है. वारदात के बाद क्राइम ब्रांच के सामने सरेंडर कर दिया.
यह भी पढ़ें- 'लड़के फिर शादी ही क्यों करते हैं?', दहेज उत्पीड़न को लेकर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी
भागते दिखे आरोपी, राजनीतिक कनेक्शन
घटना के बाद भाग रहे आरोपियों में सबसे आगे तुगलकाबाद का रहने वाला युवक था. वो एक राजनीतिक परिवार से जुड़ा हुआ है.
गढ़ी गांव के कनेक्शन का भी खुलासा
वहीं दो आरोपी गढ़ी गांव के रहने वाले थे. वारदात के वक्त वो ब्रेजा कार में मौजूद थे. इनमें एक के पिता जिम चलाते हैं. दूसरे के पिता का नशा मुक्ति केंद्र है. जिस युवक के पिता जिम चलाते हैं, पिस्टल उसी की थी.
यह भी पढ़ें- Reels पर हथियार और हाथ पर 'CRIME' का टैटू, दिल्ली पुलिस ने पकड़ा 'किंग ऑफ आजादपुर'
एक और आरोपी की तलाश
पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी की पहचान की है. वह भी घटना में शामिल था और फिलहाल फरार है.
अब तक क्या स्थिति?
- कुल आरोपी: 5
- सरेंडर: 1 (मुख्य शूटर)
- फरार: 4 आरोपी अभी भी पकड़ से बाहर
पुलिस इस मामले को दबदबा, आपसी रंजिश और गैंग एंगल से भी जोड़कर देख रही है. आरोपियों का आर्थिक और राजनीतिक बैकग्राउंड मामले को और संवेदनशील बना रहा है. मौके से क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं