विज्ञापन

'गुस्से के दौरे पड़ते हैं, लापता भांजे के लिए परेशान हैं...' दिल्ली में स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंकने वाले सरबजीत की पत्नी ने की NDTV से बात

दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक के आरोपी सरबजीत सिंह ने पूछताछ में खुद को मानसिक रूप से परेशान बताया. वह भांजे की गुमशुदगी का मामला सामने लाना चाहता था. दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां संयुक्त जांच कर रही हैं.

'गुस्से के दौरे पड़ते हैं, लापता भांजे के लिए परेशान हैं...' दिल्ली में स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंकने वाले सरबजीत की पत्नी ने की NDTV से बात
दिल्ली में स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंकने वाला सरबजीत
  • दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले सरबजीत सिंह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं.
  • सरबजीत ने पुलिस को बताया कि भतीजे हरमन की गुमशुदगी का मामला सामने लाने के लिए यह कदम उठाया था.
  • भतीजा हरमन कॉलेज छात्र है, लगभग एक सप्ताह पहले नई दिल्ली के हरि नगर इलाके से लापता हुआ था.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में गिरफ्तार सरबजीत सिंह को लेकर जांच में नए तथ्य सामने आए हैं. NDTV से बातचीत में सरबजीत की पत्नी ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है और उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उसने विधानसभा की सुरक्षा क्यों तोड़ी.

पूछताछ के दौरान सरबजीत ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह 'डिस्टर्ब' था और अपने लापता भांजे हरमन का मामला सामने लाने के लिए उसने यह कदम उठाया. पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी के बयानों की तस्दीक की जा रही है. फिलहाल उससे दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम पूछताछ कर रही है.

यह भी पढ़ें- मेंटली डिस्टर्ब है दिल्ली विधानसभा में कार लेकर घुसने वाला सरबजीत, अब तक की जांच में क्या कुछ मिला?

भांजे की गुमशुदगी से जुड़ा मामला

सरबजीत का भांजा हरमन, जो एक कॉलेज छात्र है, करीब एक हफ्ते पहले नई दिल्ली के हरि नगर इलाके से लापता हुआ था. इसके बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. परिजनों के मुताबिक, हरमन के गायब होने के बाद से सरबजीत लगातार उसे खोजने की कोशिश में लगा हुआ था.

ध्यान खींचने के लिए उठाया यह कदम

जांच में सामने आया है कि सरबजीत 1 अप्रैल को अपने घर पीलीभीत से निकला और बरेली के रास्ते पंजाब के आनंदपुर साहिब पहुंचा. इससे पहले वह भांजे की तलाश में अलग‑अलग जगह भी गया था. पुलिस के मुताबिक, उसने जांचकर्ताओं से कहा कि उसे लगा इस तरह का कदम उठाने से वह ध्यान खींच पाएगा.

यह भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा के अंदर बैरियर तोड़कर घुसने वाला सरबजीत सिंह कौन है?

किसान आंदोलन में भी हुआ था शामिल

जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि सरबजीत 2020 के किसान आंदोलन में शामिल रहा था, हालांकि बाद में उसने इससे जुड़े पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से हटा दिए. परिवार का कहना है कि सरबजीत डिप्रेशन से पीड़ित है और उसे अक्सर गुस्से के दौरे पड़ते हैं.

फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. जिसमें आरोपी की मानसिक स्थिति, घटना के पीछे का वास्तविक मकसद और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक शामिल है.

विधानसभा में क्या हुआ?

सोमवार दोपहर दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी सेंध लगी, जब एक नकाबपोश व्यक्ति एसयूवी लेकर परिसर के बैरियर को तोड़ते हुए अंदर घुस गया. आरोपी ने विधानसभा अध्यक्ष की कार पर गुलदस्ता रखा और उसी रास्ते से वापस निकल गया. घटना के बाद हाई अलर्ट घोषित किया गया.

कुछ देर बाद पुलिस ने टाटा सिएरा वाहन को पकड़ लिया और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया. मुख्य आरोपी की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के थाना सेहरामऊ क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर गांव का निवासी है. गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम पीलीभीत स्थित उसके घर भी पहुंची, जहां मामले की गहन जांच की जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com