विज्ञापन
This Article is From Sep 12, 2017

चावड़ी बाजार से कश्मीरी गेट तक खुले दरवाजे के साथ चलती रही दिल्ली मेट्रो, दहशत में रहे यात्री

घटना के तुरंत बाद ट्रेन ऑपरेटर को 'सुरक्षा में चूक' के कारण निलंबित कर दिया गया.

चावड़ी बाजार से कश्मीरी गेट तक खुले दरवाजे के साथ चलती रही दिल्ली मेट्रो, दहशत में रहे यात्री
प्रतीकात्मक फोटो
  • सोमवार देर रात को दिल्ली मेट्रो के परिचालन में एक भारी चूक सामने आई
  • दो स्टेशनों से गुजरने के दौरान इसका एक दरवाजा खुला रहा
  • लोगों के इमरजेंसी अलार्म बजाने की कोशिश की लेकिन वह भी नहीं बजा
नई दिल्ली: सोमवार देर रात को दिल्ली मेट्रो के परिचालन में एक भारी चूक सामने आई. दरअसल यात्रियों से खचाखच भरी एक मेट्रो ट्रेन के येलो लाइन (हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली)  के दो स्टेशनों से गुजरने के दौरान इसका एक दरवाजा खुला रहा. येलो लाइन पर चावड़ी बाजार और कश्मीर गेट स्टेशन के बीच रात करीब 10 बजे यह बेहद असामान्य घटना हुई. कश्मीरी गेट पर येलो लाइन उत्तरी दिल्ली को गुड़गांव से जोड़ती है. लोगों के इमरजेंसी अलार्म बजाने की कोशिश की लेकिन वह भी नहीं बजा. मेट्रो के अंदर मौजूद लोगों ने खुले दरवाजे का वीडियो बना लिया.

दिल्ली मेट्रो के एक प्रवक्ता ने बताया कि समस्या सिर्फ एक दरवाजे के साथ थी. किसी भी प्रकार की देरी या ट्रेनों के इकट्ठा होने से बचने के लिये ट्रेन को विश्वविद्यालय स्टेशन ले जाया गया. गनीमत रही कि कोई भी हादसा नहीं हुआ.

यह भी पढ़ें: Delhi Metro की ब्लू लाइन में मिलेगा मुफ्त वाई-फाई का मज़ा

घटना के तुरंत बाद ट्रेन ऑपरेटर को 'सुरक्षा में चूक' के कारण निलंबित कर दिया गया. इसी तरह का मामला जुलाई 2014 में भी हुआ था, तब इसी लाइन पर घिटोरनी और अर्जनगढ़ स्टेशनों के बीच चल रही ट्रेन के सभी दरवाजे खुले रह गये थे.

VIDEO : दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा में महिला कमांडो...

बाद में यात्रियों की शिकायत पर विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन खाली कराई गई और उसे डिपो में भेज दिया गया. इस घटना की वजह से येलो लाइन पर कुछ समय तक मेट्रो का परिचालन प्रभावित हुआ. हालांकि, डीएमआरसी ने इस बाबत आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com