विज्ञापन

दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट, इमारत गिरने से कई लोग दबे, रेस्क्यू जारी

मुकुंदपुर इलाके के जिस मकान में ब्लास्ट हुआ, वहां से सिलेंडर भरकर सप्लाई किए जाते थे. अचानक तेज धमाका हो गया. हालांकि इसकी वजह अब तक सामने नहीं आई है.

दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट, इमारत गिरने से कई लोग दबे, रेस्क्यू जारी
दिल्ली के बुराड़ी की इमारत में तेज धमाका.
  • दिल्ली के बुराड़ी के मुकुंदपुर इलाके में तेज धमाके से एक मकान पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया
  • धमाका एलपीजी सिलेंडर के ब्लास्ट के कारण हुआ, जहां सिलेंडर भरकर सप्लाई किए जाते थे
  • मकान में बर्तनों की रंगाई, पाउच बनाने और चार्जर फैक्ट्री का काम भी चल रहा था
क्या हमारी की समरी आपके लिए उपयोगी रही ?
हमें बताएं

दिल्ली के बुराड़ी के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को तेज धमाके के बाद एक मकान जमींदोज हो गया. जानकारी के मुताबिक इस मकान में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है, जिसकी वजह से यह मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है. इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की खबर है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा. दमकल की 5 गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है. जिस मकान में ब्लास्ट हुआ है वहां पर सिलेंडर का बिजनेस होता था. इस जगह पर सिलेंडर भरकर सप्लाई किए जाते थे.

ब्लास्ट वाली जगह पर होता था सिलेंडर का बिजनेस

घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को फोन कर बताया कि इलाके में सिलेंडर फट गए हैं. जिसके बाद राहत और बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव टीम को आसपास के लोगों ने बताया कि यहां पर सिलेंडर भरे और सप्लाई किए जाते थे.साथ ही यहां पर बर्तनों की रंगाई और पाउच बनाने का का काम भी किया जाता था. साथ ही चार्जर फैक्ट्री भी है. रिहायशी इलाके में कमर्शियल काम होता था. जिसकी वजह से यहां ब्लास्ट हुआ. 

Latest and Breaking News on NDTV

मलबे से 6 लोगों को बाहर निकाला, अन्य की तलाश

मलबे में दबे 6 लोगों को जख्मी हालत में बाहर निकाला जा चुका है. कुछ और लोग भी अंदर दबे हो सकते हैं. उनकी तलाश की जा रही है. घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत कैसी है ये अभी पता नहीं चल सका है.

Latest and Breaking News on NDTV

मलबे में दबे हुए लोगों की तलाश जारी

दमकल विभाग के मुताबिक, घटना सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर हुई. जिसके बाद उनको फोन कर सूचना दी गई. मामले गंभीरता को देखते हुए तुरंत 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया. रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. मलबा हटाकर दबे हुए लोगों की तलाश की जा रही है.

AAP नेता ने सरकार पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी नेता सजीव झा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मुकुंदपुर के ईशु विहार में अवैध गैस रिफिलिंग और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के कारण हुआ दर्दनाक हादसा दिल्ली सरकार की लापरवाही का बड़ा उदाहरण है. स्थानीय लोगों ने बार-बार शिकायत की, अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. अगर समय रहते कदम उठाए जाते तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था. आज बिल्डिंग ढह गई, कई लोग प्रभावित हुए और मौके पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मिले हैं. सवाल यह है कि सरकार के कार्यकाल में इतना बड़ा अवैध कारोबार आखिर कैसे फलता-फूलता रहा?

इनपुट- अनिल कुमार अत्री

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com