विज्ञापन
This Article is From May 01, 2017

आम आदमी पार्टी में संकट गहराया, विधायक अमानतुल्‍लाह खान ने पीएसी से इस्‍तीफा दिया

आम आदमी पार्टी में संकट गहराया, विधायक अमानतुल्‍लाह खान ने पीएसी से इस्‍तीफा दिया
ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्‍लाह खान (फाइल फोटो)
नई दिल्‍ली: आम आदमी पार्टी में कलह जारी है. ओखला से पार्टी के विधायक अमानतुल्‍लाह खान ने पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (पीएसी) से इस्‍तीफा दे दिया है. गौरतलब है कि अमानतुल्‍लाह ने पार्टी नेता कुमार विश्‍वास पर गंभीर आरोप लगाए थे जिसके बाद आज पार्टी की पीएसी की बैठक बुलाई गई थी. पार्टी की PAC ने अमानतुल्लाह खान से आरोपों को लेकर नाराजगी जताई जिसके बाद उन्‍होंने इस्‍तीफा दे दिया. पीएसी की बैठक के बाद मनीष सिसोदिया ने बताया कि बैठक में अमानतुल्लाह के बयान पर नाराजगी जाहिर की गई जिसके बाद उन्‍होंने इस्‍तीफा दे दिया जिसे मंजूर कर लिया गया. उन्‍होंने यह भी बताया कि कुमार विश्वास से अरविंद केजरीवाल नाराज़ हैं और उनकी बयानबाज़ी से पार्टी का नुकसान हो रहा है. साथ ही पार्टी नेताओं को बयानबाज़ी से बचने को भी कहा गया है.

उधर विधायक अमानतुल्लाह खान बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, 'मैंने अपनी मर्ज़ी से PAC के पद से इस्तीफ़ा दिया है. मुझे लगता था मेरे लिए बंधन है लेकिन मैं आज भी अपनी उस बात पर कायम हूं कि कुमार विश्वास RSS और बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं और बाकायदा वो प्लांटेड हैं. आज मैं अरविंद जी कह रहा हूं वो नहीं मान रहे, लेकिन कल उनको खुद पता चल जाएगा कि उनको RSS और बीजेपी ने प्लांट किया है. आज वो कार्यकर्ताओं की बात कर रहे हैं, आज वो विधायकों की बात कर रहे हैं. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कल जब बस्सी हमारे एक एक विधायक को जेल भेज रहे थे, कार्यकर्ताओं पर जब वो लाठीचार्ज कर रहे थे, तो इन्होंने अपने बर्थडे में उनको बुलाया, अजित डोभाल को बुलाया और उनके बराबर में बैठकर केक खाया. तो आज ये कार्यकर्ताओं की बात कर रहे हैं जो कल जब बस्सी को बुलाकर बराबर में बैठकर फ़ोटो खिंचा रहे थे तब कार्यकर्ता और विधायक कहां थे, मुझे भी उन्होंने 2 बार जेल भेजा.'

गौरतलब है कि रविवार को ही अमानतुल्लाह खान ने पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया था कि वो पार्टी तोड़ना और हड़पना चाहते हैं. अमानतुल्लाह खान ने मीडिया को बयान जारी कर कहा था कि "कुमार विशवास जी आम आदमी पार्टी को हड़पना चाहते हैं और तोड़ना चाहते हैं. वो अपने घर विधायकों को बुलाकर बुलाकर ये कह रहे हैं कि मुझे पार्टी का संयोजक बनवाओ नहीं तो बीजेपी में चलो, बीजेपी हर एक को 30 करोड़ देने के लिए तैयार है, ऐसा ही योगेंद्र यादव जी चाहते थे. मुझे लगता है ये सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है. इस काम के लिए इन्होंने 4 विधायक छोड़े हुए हैं. इन चारों विधायकों का ये काम है कि वो विधायकों को कुमार जी के घर ले जाते हैं, ऐसा मुझसे 10 विधायकों ने बताया. शनिवार को एक मंत्री के यहां चारों विधायकों की मीटिंग भी हुई.'
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amanatullah Khan, AAP PAC, Aam Aadmi Party, Kumar Vishwas, AAP, Arvind Kejriwal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com