विज्ञापन

माइक तोड़कर फेंका, आपस में छीना झपटी.. दिल्ली नगर निगम में बीजेपी और आप के पार्षद भिड़े

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में गुरुवार को विकास कार्यों के लिए अधिक फंड की मांग कर रहे आम आदमी पार्टी के पार्षदों और बीजेपी के पार्षदों में जमकर नोकझोंक हुई. हालात यहां तक पहुंच गई कि मार्शल को दखल देकर मेयर प्रवेश वाही को सदन से निकालना पड़ा.

नई दिल्ली:

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) सदन में गुरुवार को बीजेपी और आम आदमी पार्टी के पार्षदों के बीच जमकर तकरार हुई. दोनों दलों के पार्षदों में विकास के लिए फंड और बढते वायु प्रदूषण को लेकर तीखी बहस हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सदन में पानी और फाइलें फेंकी जाने लगीं. माइक तोड़ने की भी कोशिश करने के आरोप लगे हैं. हालात बिगड़ता देखकर मार्शलों ने मेयर प्रवेश वाही को सदन से सुरक्षित निकाला. इस मामले को अनुशासन समिति के पास भेजा गया है. मेयर का कहना है कि समिति की सिफारिशों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

एमसीडी में किस बात पर हुआ बवाल 

हंगामे की शुरुआत तब हुई, जब आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में विकास कार्यों के लिए फंड तुरंत जारी करने की मांग की. इस पर मेयर प्रवेश वाही ने 25 लाख रुपये का विकास फंड जारी करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में पार्षदों को कुल दो करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे. उनके इस ऐलान से आम आदमी पार्टी के पार्षद संतुष्ट नहीं हुए. उन्होंने मांग की कि तुरंत मिलने वाली राशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपये किया जाए. इस दौरान आप के कुछ पार्षद मेयर की कुर्सी की ओर बढ़ने लगे. इसके बाद सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई.

पांच मिनट बाद जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर चर्चा होने लगी. इस दौरान विपक्षी पार्षदों ने प्रदूषण से निपटने के लिए नगर निगम और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर सवाल उठाए. शुरुआत में तो यह चर्चा लगा. लेकिन जल्द ही बीजेपी और आप के पार्षद आमने-सामने आ गए. 

इस हंगामे के बीच आप पार्षद शगुफ्ता जुबैर मेयर की कुर्सी तक पहुंच गईं. सत्ता पक्ष का आरोप है कि आप पार्षद ने वहां लगे माइक को तोड़ने की कोशिश की. विपक्ष के नेता अंकुश नारंग पर भी माइक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगा है.इस दौरान सदन में पानी और फाइलें फेंकी जाने लगीं. यह देखकर मार्शल बीच-बचाव करने पहुंचे.उन्होंने मेयर प्रवेश वाही को वहां से सुरक्षित निकाला.

कांग्रेस नेता की टिप्पणी से और बढ़ा विवाद

इस दौरान कांग्रेस नेता नाजिया दानिश और आप नेता अंकुश नारंग के बीच तीखी बहस हुई. इससे हंगामा और बढ़ा. नाजिया दानिश अपने भाषण में आम आदमी पार्टी की आलोचना कर रही थीं. अंकुश नारंग ने उन्हें बीजेपी का करीबी बताया. इस पर नाजिया ने कहा कि वह शगुफ्ता चौधरी नहीं हैं, जो आगे चलकर बीजेपी में शामिल हो जाएंगी. उनके यह कहते ही सदन का माहौल और तनावपूर्ण हो गया.

इस मामले को अनुशासन समिति के पास भेज दिया गया है. समिति हंगामे में शामिल पार्षदों के व्यवहार की जांच कर आगे की कार्रवाई पर फैसला लेगी. मेयर का कहना है कि अनुशासन समिति की सिफारिशों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि अगर समिति निलंबन की सिफारिश करती है, तो आरोपी पार्षदों को निलंबित किया जाएगा. 

ये भी पढ़ें: लहंगे में 4 घंटे में 18 किमी पैदल चलकर दुल्हन पहुंची ससुराल, बोली- धामी जी सड़क बनवा दो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MCD AAP, MCD BJP Mayors, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com