विज्ञापन
This Article is From Jan 29, 2016

सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने के आरोप में आम आदमी पार्टी का विधायक गिरफ्तार

सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने के आरोप में आम आदमी पार्टी का विधायक गिरफ्तार
चित्र में बाएं हैं आप विधायक यादव (ट्विटर से लिया गया फोटो)
नई दिल्ली: विकासपुरी से आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र यादव को कथित यौन अपराधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान दंगा करने और लोक सेवक पर हमला करने सहित विभिन्न आरोपों में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया और एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। वह दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी के छठे विधायक हैं जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने दावा किया कि यादव ने कल शाम पश्चिम दिल्ली के निहाल विहार इलाके में हिंसक विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की, जो तीन वर्षीय बच्ची पर यौन हमले की घटना के विरोध में किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने सार्वजनिक वाहन में तोड़-फोड़ की और एक वाहन को आग लगाने की कोशिश की।

प्रदर्शनकारी 38 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि पुलिस आरोपी की तलाश सरगर्मी से नहीं कर रही है। हालांकि संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण पश्चिम) देपेंद्र पाठक ने दावा किया कि आरोपी को प्रदर्शन होने से काफी पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

यादव छठे आप विधायक हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले अखिलेश त्रिपाठी, सोमनाथ भारती, कमांडो सुरेंद्र सिंह, मनोज कुमार और पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

पाठक ने कहा, ‘‘कल रात एक मामला दर्ज किया गया था और दंगा करने, आगजनी, लोक सेवक पर हमला, गलत तरीके से रोकना और सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने के आरोपों के तहत आज दोपहर करीब 12 बजे विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया।’’ उन्होंने कहा कि निहाल विहार क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई भी की, जो हालात पर काबू पाने के इरादे से वहां गए थे।

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Previous Article
दिल्ली : तिलक नगर के घर में मिला जिम ट्रेनर और उनकी दोस्त का शव, जांच जारी
सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने के आरोप में आम आदमी पार्टी का विधायक गिरफ्तार
'तलवार, फरसा, डंडा से हमला, SLR और MP-5 गन लूटने की कोशिश; 40 कारतूस छीने': लाल किले की FIR 
Next Article
'तलवार, फरसा, डंडा से हमला, SLR और MP-5 गन लूटने की कोशिश; 40 कारतूस छीने': लाल किले की FIR 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com