विज्ञापन

सीएम शुभेंदु के PA के मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली क्राइम ब्रांच और यूपी पुलिस ने मुजफ्फरनगर में दबोचा

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है. इस मामले में फरार आरोपी को दिल्ली क्राइम ब्रांच और यूपी पुलिस ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी हरिद्वार से दिल्ली भाग रहा था, जिसे एनएच-58 पर दबोचा गया.

सीएम शुभेंदु के PA के मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली क्राइम ब्रांच और यूपी पुलिस ने मुजफ्फरनगर में दबोचा

Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी को दिल्ली क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने छपार टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.

मुजफ्फरनगर में हुई बड़ी गिरफ्तारी

हत्याकांड के बाद फरार आरोपी राजकुमार को मुजफ्फरनगर में पकड़ लिया गया. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हरिद्वार से दिल्ली की ओर भाग रहा है. इसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और NH-58 स्थित छपार टोल प्लाजा पर उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया.

बलिया का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी राजकुमार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इस वारदात में कोई और शामिल था या नहीं.

कैसे हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या?

यह घटना पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) की है. विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के महज दो दिन बाद चंद्रनाथ रथ को देर रात गोली मार दी गई थी. गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

वायुसेना से जुड़े थे चंद्रनाथ रथ

चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे. स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया और फिर धीरे-धीरे राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में सक्रिय हो गए. साल 2019 में जब शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे, उसी दौरान रथ उनकी टीम में शामिल हुए थे.

राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा परिवार

चंद्रनाथ रथ का परिवार भी राजनीति से जुड़ा रहा है. पहले उनका परिवार तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा था. उनकी मां हसी रथ ने पूर्वी मेदिनीपुर में पंचायत स्तर पर पद संभाला था. बाद में जब शुभेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हुए, तो रथ का परिवार भी उनके साथ भाजपा में आ गया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com