Nepal Woman Misleads Gurugram Police with Fake Rape Case: साइबर सिटी गुरुग्राम पुलिस को नेपाल की एक महिला ने दो दिन तक इधर-उधर दौड़ाया. पुलिस उसकी मदद के लिए भटकती रही, लेकिन जांच में शातिर महिला के झूठ से पर्दा उठ गया. पुलिस को पता चला कि महिला ने रेप की फर्जी शिकायत दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उस पर ही केस दर्ज कर लिया. इससे महिला खुद ही अपने बिछाए जाल में फंस गई.
दरअसल, 20 अप्रैल को नेपाल की रहने वाली एक महिला ने डायल 112 पर उसके साथ हुए रेप की सूचना दी. कंट्रोल रूम ने सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस को सूचित किया. महिला ने गुरुग्राम के सेक्टर-47 स्थित एक मकान में दुष्कर्म होने की बात कही थी. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की, महिला को मेडिकल के लिए ले जाया गया. पुलिस की टीम करीब दो दिन तक उसकी मदद और मामले की जांच में लगी रही. लेकिन, जांच में सामने आया कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ नहीं था. यह सामने आने के बाद पुलिस दंग रह गई.
कहासुनी होने पर की रेप की झूठी शिकायत
पुलिस ने बताया कि महिला राधिका कुमारी नेपाल के वीरगंज की रहने वाली है. वर्तमान में वह गुरुग्राम के सेक्टर-37 में रहती है और एक ऑनलाइन कंपनी के जरिए खाना बनाने का काम करती है. काम के सिलसिले में वह सेक्टर-47 के एक मकान में गई थी, जहां उसकी एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई. व्यक्ति से बदला लेने के लिए महिला ने डायल-112 पर कॉल कर झूठी शिकायत दी कि उसके साथ रेप हुआ है, जबकि पुलिस की जांच में ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया.
नोएडा की फैक्ट्रियों में 2 शिफ्ट में काम, नहीं मिलेगा ओवरटाइम, क्या फायदा क्या नुकसान?
पुलिस ने महिला के खिलाफ दर्ज किया केस
एएसआई संदीप ने बताया कि महिला ने जानबूझकर गलत सूचना देकर पुलिस का समय बर्बाद किया और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया. ऐसे में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 217 के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है.
VIDEO: तेंदुए को दबोचकर पीठ पर बैठा युवक, गांव में घुसकर 5 लोगों पर किया हमला, तलाश जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं