विज्ञापन
This Article is From May 02, 2020

Coronavirus: ITBP के 5 जवान कोरोना पॉजिटिव, 100 जवानों को किया गया क्वारंटाइन

दिल्ली में तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के पांच जवान कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित हो गए हैं. एहतियात के तौर पर करीब 100 जवानों को क्वारंटाइन किया गया है.

Coronavirus: ITBP के 5 जवान कोरोना पॉजिटिव, 100 जवानों को किया गया क्वारंटाइन
ITBP के 5 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. (फाइल फोटो)
  • ITBP के 5 जवान कोरोना पॉजिटिव
  • 100 जवानों को किया गया क्वारंटाइन
  • देश में संक्रमितों की संख्या हुई 37,336
नई दिल्ली:

दिल्ली में तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के पांच जवान कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित हो गए हैं. एहतियात के तौर पर करीब 100 जवानों को क्वारंटाइन किया गया है. दिल्ली के शास्त्री पार्क थाने में कानून व्यवस्था के लिए तैनात आईटीबीपी के दो जवान के कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आए हैं. इन दोनों जवानों को झज्जर के एम्स में भर्ती कराया गया है. इसके बाद थाने में तैनात सारे जवानों को क्वारंटाइन कर दिया गया है.

साथ ही आईटीबीपी के खानपुर के टिग्री कैंप में भी कैंटीन में तैनात तीन जवान कोरोना से संक्रमित हो गए हैं. इनको इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल टिग्री कैंप में उन लोगों का पता लगाया जा रहा है, जो इन तीन कोरोना मरीजों के संपर्क में आए थे. आईटीबीपी में कोरोना के पांच मामले सामने आने के बाद पूरी फोर्स सतर्क हो गई है. जवानों और अफसरों को निर्देश दिया गया है कि इस महामारी से बचाव के लिए जो निर्देश जारी किए गए हैं, उसका कड़ाई से पालन करें और कोई ढील ना बरतें.

बताते चलें कि दुनियाभर के देशों के साथ-साथ भारत में भी कोरोनावायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, 180 से ज्यादा देशों में फैल चुका यह वायरस अब तक दो लाख से ज्यादा जानें ले चुका है. दुनियाभर में 33 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं. भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 37,336 हो गई है. पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,293 नए मामले सामने आए हैं और 71 लोगों की मौत हुई है. देश में अभी तक 1,218 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि 9,951 मरीज इस बीमारी को मात देने में सफल भी हुए हैं.

देश के लगभग सभी राज्यों से इसके मरीज सामने आ रहे हैं. केंद्र सरकार ने इससे बचाव के चलते ही देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. जिसके बाद 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने देश की जनता को संबोधित करते हुए 19 दिनों के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने की जानकारी दी. 3 मई को यह खत्म होगा लेकिन बीते दिन एक बार फिर सरकार ने इसे दो हफ्ते के लिए बढ़ा दिया है. कोरोना को लेकर देश के सभी जिलों को तीन जोन (रेड, ऑरेंज और ग्रीन) में बांटा गया है. ऑरेंज और ग्रीन जोन में आने वाले जिलों को 4 मई से लॉकडाउन से थोड़ी रियायत मिलेगी.

VIDEO: कोरोना से पूरी मुस्तैदी से जंग लड़ रहे हैं देश के सफाईकर्मी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ITBP, Coronavirus Positive In Delhi, Covid 19 Delhi, Coronavirus, Covid 19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com