विज्ञापन

दिल्ली: हेड कांस्टेबल ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर खुद लगा ली फांसी; बच्चों के घर लौटने पर खुला राज

सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

दिल्ली: हेड कांस्टेबल ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर खुद लगा ली फांसी; बच्चों के घर लौटने पर खुला राज
प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के नरेला इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना का खुलासा तब हुआ जब उनके दो बच्चे घर लौटे और दरवाजा अंदर से बंद मिला. मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोनू के तौर पर हुई है. उसकी उम्र 36 साल थी. वो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल था. बताया जा रहा है कि मोनू ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और उसके बाद घर के अंदर ही फांसी लगाकर जान दे दी.

घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे घर पर नहीं थे. जब बच्चे वापस लौटे तो उन्होंने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया. काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. बच्चों के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को समझने की कोशिश की.

पड़ोसियों ने खिड़की से घर के भीतर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए. अंदर महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि मोनू फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. फिलहाल यह साफ     नहीं हो पाया है कि मोनू ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया.

हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह क्या थी, इसका जवाब अभी जांच में तलाशा जा रहा है. पुलिस परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.

नरेला की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. खास बात यह है कि घटना का खुलासा खुद दंपति के बच्चों के घर लौटने के बाद हुआ. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को मौत के घाट उतारा; ई-रिक्शा से शव नहर में फेंका; CCTV से खुला राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Murder, Murder News Hindi, Crime In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com