फरीदाबाद में निकिता मर्डर केस में न्याय की मांग को लेकर रविवार को उपद्रव करने वाले 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार सभी उपद्रवियों का कोरोना टेस्ट कराया गया जिसमें से तीन पॉजिटिव पाए गए. इन तीनों ने पचांयत में भी हिस्सा लिया था. पंचायत करने वाले आयोजकों व अन्य लोग जो पंचायत में मौजूद थे, को क्वारंटाइन किया जाएगा.
फरीदाबाद पुलिस ने कहा है कि रविवार को को बिना परमीशन के कुछ लोग दशहरा ग्राउंड में इकट्ठे हुए थे. इनमें से कुछ उपद्रवियों ने नेशनल हाईवे को जाम किया और दुकानों मे तोड़फोड की व पत्थर बरसाए. उन्होंने वाहनों को क्षति पहुंचाई और आगजनी की. पुलिस के रोकने पर उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. जन सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा गया.
पत्थरबाजी में 10 पुलिस कर्मियों को चोटें आईं. उपद्रवियों के खिलाफ थाना शहर बल्लभगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने 32 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं.
पुलिस ने कहा है कि गिरफ्तार आरोपियों का कोविड-19 टेस्ट कराने पर तीन आरोपी पॉजिटिव पाए गए. इन तीनों को क्वारंटाइन किया गया है. पंचायत करने वाले आयोजकों को क्वारंटाइन किया जाएगा. पंचायत में मौजूद सभी लोग अपना टेस्ट करवाएं.
पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि मृतक निकिता के परिवार के साथ पुलिस की गहरी संवेदना है और हर वक्त उनके साथ खड़ी है. फ़रीदाबाद पुलिस पूरी तरह से निकिता के परिवार के साथ है. माता-पिता-भाई प्रत्येक को पुलिस गार्ड दे दिया गया है. आज भाई को सेल्फ़-डिफ़ेन्स के लिए आर्म्ज़ का लाइसेंस दे दिया गया. केस का चालान दो-तीन दिन में कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा. आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी.
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का सभी के प्रति सकारात्मक रुख है लेकिन शहर में कानून, शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वाले लोगों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा. पुलिस किसी भी हाल में शहर में उपद्रव बर्दाश्त नहीं करेगी. कुछ असामाजिक तत्व हमेशा भीड़ का फायदा उठाकर शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करते हैं. इस तरह के लोग जो कल तोड़फोड़ पत्थर बाजी मे शामिल थे, को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
VIDEO: प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम किया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं