Delhi NCR Rain Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. मंगलवार तड़के राजधानी के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. कई इलाकों के लिए भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. राजधानी के अधिकांश हिस्सों में सुबह से दोपहर तक तेज बारिश और आंधी जैसे हालात बनने की संभावना है.
#WATCH | Delhi: Rain lashes parts of the national capital.
— ANI (@ANI) July 21, 2026
(Visuals from Safdarjung Road) pic.twitter.com/pa3UWD7DKv
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा. राजधानी में सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार और बुधवार को भी मौसम सक्रिय बना रहेगा. नई दिल्ली, सफदरजंग, पालम और अयानगर सहित कई इलाकों में नमी का स्तर काफी ऊंचा दर्ज किया गया, जो सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों की ओर इशारा करता है.
#WATCH | Delhi: Rain lashes several parts of the national capital.
— ANI (@ANI) July 20, 2026
(Visuals from near RML Hospital) pic.twitter.com/KrGC4fijHE
आज सुबह से दोपहर तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के जिला स्तरीय पूर्वानुमान के मुताबिक 21 जुलाई को दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर आ सकते हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है. दिल्ली के सभी जिले, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में समान मौसम की संभावना जताई गई है.
22 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 22 जुलाई के लिए भी राहत के कोई संकेत नहीं दिए हैं. पूर्वानुमान के अनुसार सुबह और पूर्वाह्न में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक बनी रह सकती है. कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 22 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियां व्यापक रूप से बनी रहेंगी.
इन इलाकों में दर्ज हुआ तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में तापमान अलग-अलग दर्ज किया गया.
- सफदरजंग: 27.4 डिग्री सेल्सियस
- पालम: 27 डिग्री सेल्सियस
- अयानगर: 28.4 डिग्री सेल्सियस
- आनंद विहार: 29.7 डिग्री सेल्सियस
- द्वारका: 28.2 डिग्री सेल्सियस
- रोहिणी: 32.1 डिग्री सेल्सियस
- गुरुग्राम सेक्टर-51: 24.1 डिग्री सेल्सियस
- गाजियाबाद इंदिरापुरम: 26 डिग्री सेल्सियस
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि बारिश के प्रभाव वाले क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है.
येलो अलर्ट जैसी स्थिति, सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बिजली चमकने और तेज हवाओं के चलते लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है. जलभराव वाले क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो सकता है. सुबह और ऑफिस टाइम के दौरान सड़कों पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिल सकता है. विशेष रूप से वाहन चालकों को बारिश और कम दृश्यता के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौमस विभाग का पूर्वानुमान ऐसा है
- दिल्ली-एनसीआर में मानसून फिर सक्रिय
- 21 और 22 जुलाई को भारी बारिश की संभावना
- 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
- गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा
- नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश का अलर्ट
- 24 जुलाई तक बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार
अगले कुछ दिन बादलों के नाम
मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 24 जुलाई तक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. 21 और 22 जुलाई को सबसे अधिक बारिश की संभावना है, जबकि 23 जुलाई को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
यह भी पढ़ें : अरुणाचल प्रदेश में फिर तबाही: भारी बारिश का कहर जारी; लोहित में अचानक आई बाढ़, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं