विज्ञापन

कंझावला में STF और गैंगस्टरों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, नीरज बवाना गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

दिल्ली के कंझावला में STF और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने नीरज बवाना गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

कंझावला में STF और गैंगस्टरों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, नीरज बवाना गैंग का गुर्गा गिरफ्तार
नीरज बवाना गैंग का साथी पुलिस ने पकड़ लिया है.

दिल्ली के रोहिणी जिले के कंझावला इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के अनुसार नीरज बवाना और नवीन बाली गैंग से जुड़े दो बदमाश किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे. खुफिया सूचना मिलते ही STF ने इलाके में जाल बिछाया और दोनों संदिग्धों को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी.

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि दो बदमाश लाडपुर स्थित आनंद वाटिका के पास अवैध हथियारों के साथ पहुंचने वाले हैं. जैसे ही STF की टीम ने दोनों को रोकने की कोशिश की, आरोपियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. अचानक हुई फायरिंग से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

हालांकि पुलिसकर्मियों ने संयम बनाए रखा और अपनी गाड़ी की आड़ लेकर जवाबी कार्रवाई की. आत्मरक्षा में पुलिस ने एक राउंड फायर किया. इसके बाद शुरू हुई घेराबंदी के दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया जबकि दूसरा भागने में सफल रहा.

एक गिरफ्तार, दूसरा पुलिस को चकमा देकर फरार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सहरावत उर्फ राहुल के रूप में हुई है. वहीं उसका साथी राहुल डबास उर्फ RDX उर्फ बलराम मौके से फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि दोनों लाडपुर गांव के रहने वाले हैं और लंबे समय से गैंगस्टरों के संपर्क में थे. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है.

गोलीबारी में पुलिस वाहन और कार को नुकसान

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी. वहीं दो गोलियां पास में खड़ी एक हुंडई i20 कार में जा धंसीं. राहत की बात यह रही कि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई. दोनों आरोपियों को भी गोली नहीं लगी.

हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

गिरफ्तार राहुल सहरावत के पास से पुलिस ने पांच अवैध हथियार बरामद किए हैं. इनमें एक जिगाना पिस्टल, एक ग्लॉक पिस्टल, एक .32 बोर की पिस्टल और दो देसी कट्टे शामिल हैं. इसके अलावा 18 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं. इनमें 8 कारतूस 9 एमएम और 10 कारतूस .30 बोर के बताए गए हैं.

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों का मिलना इस बात का संकेत है कि आरोपी किसी गंभीर आपराधिक साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार राहुल सहरावत पहले से दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. वहीं फरार राहुल डबास पर 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ कई गंभीर आरोपों में पहले भी कार्रवाई हो चुकी है. इस मामले में कंझावला थाने में एफआईआर दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 221 और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों की अगली साजिश क्या थी और उनके संपर्क किन-किन लोगों से थे.

यह भी पढ़ें- ACB Action: पीएम आवास के लिए VDO सपना गुर्जर ले रही थी 4500 की रिश्वत, एसीबी ने दबोचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Neeraj Bawana Gangster, Delhi Rohini Area
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com