दिल्ली के भीड़भाड़ वाले चावड़ी बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. एक इमारत के ढहने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए बड़ी संख्या में पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों को मौके पर लगाया गया. शुरुआती तौर पर ऐसा माना जा रहा है कि इमारत में निर्माण या उससे जुड़ा कोई काम चल रहा था. इसमें सवाल उठता है कि दिल्ली में GRAP II लागू होने के बावजूद भी इमारत में कंस्ट्रक्शन का काम कैसे चल रहा था.
एनडीटीवी ने चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने गली सितारा के पास ढहे इस इमारत के पास देखा कि सुरक्षा कारणों से हादसे वाली गली और आसपास के इलाके को पूरी तरह खाली करा दिया गया है. जिस जगह इमारत गिरी है, वहां की गलियां बेहद संकरी हैं, जिससे राहत और बचाव अभियान चलाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि बचाव कार्य बिना किसी बाधा के जारी रहे, इसलिए आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है.
कम से कम दस लोगों मलबे में फंसे
मौके पर बड़ी संख्या में एनडीआरएफ की टीमें और दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं. बचावकर्मी मलबे को हटाने और अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हुए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के वक्त इलाके में काफी हलचल थी.
डीसीपी ने बताया कि घटना के समय करीब 10 मजदूर वहां मौजूद थे. हादसा शुरू होते ही कुछ लोग बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
#WATCH | Delhi: Chief Minister Rekha Gupta reaches the site where a portion of an under construction building collapsed in Delhi's Chawri Bazaar area. Two people have lost their lives in the incident. https://t.co/cVIovxQ412
— ANI (@ANI) November 5, 2026
सीएम रेखा गुप्ता हादसे की जगह पहुंचीं
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया है. वहीं दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने भी चावड़ी बाजार जाकर हालात का जायजा लिया.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरी, 2 लोगों की मौत, कई फंसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं