राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले BRICS सम्मेलन को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रही है. दुनिया के कई देशों से आने वाले शीर्ष नेताओं और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है. नई दिल्ली के प्रमुख इलाकों को सजाया गया है. कनॉट प्लेस, खान मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष रोशनी और सम्मेलन से जुड़े बैनर लगाए गए हैं ताकि राजधानी अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार दिखे.
तीन परतों में सुरक्षा व्यवस्था
सम्मेलन की सुरक्षा के लिए भारत मंडपम के आसपास करीब पांच किलोमीटर के दायरे में तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. बाहरी घेरे में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे. भारत मंडपम के अंदर और बाहरी इलाके में NSG कमांडो तथा पैरामिलिट्री फोर्स सुरक्षा संभालेंगे. सबसे अंदरूनी सुरक्षा घेरे में दिल्ली पुलिस, IB, SPG और NSG की विशेष टीमें लगातार निगरानी रखेंगी.
इस पूरे आयोजन की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस, NSG, पैरामिलिट्री और अन्य एजेंसियों के लगभग 7 हजार जवानों को तैनात किया गया है.
ट्रैफिक पर रहेगा विशेष फोकस
विदेशी मेहमानों और VVIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक योजना तैयार की है. जरूरत पड़ने पर कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकेगा. करीब 35 महत्वपूर्ण सड़कों को चिन्हित किया गया है जहां VVIP मूवमेंट के दौरान आम यातायात प्रभावित हो सकता है.
इन मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, मथुरा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड जैसी प्रमुख सड़कें शामिल हैं.
22 जगहों पर बनाए गए डायवर्जन पॉइंट
ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट तय किए गए हैं. इनमें पटेल चौक, धौला कुआं, RML अस्पताल राउंडअबाउट, मोती बाग फ्लाईओवर, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर और मंडी हाउस जैसे इलाके शामिल हैं.
जरूरत पड़ने पर मथुरा रोड से आने वाले वाहनों को लोधी रोड और लोधी फ्लाईओवर की तरफ भेजा जाएगा. वहीं धौला कुआं और सरदार पटेल मार्ग पर VVIP मूवमेंट होने पर रिंग रोड, वंदे मातरम मार्ग और NH-48 का इस्तेमाल कराया जाएगा.
4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
सम्मेलन के दौरान करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी विभिन्न चौराहों और महत्वपूर्ण मार्गों पर तैनात रहेंगे. उनकी जिम्मेदारी सिर्फ यातायात नियंत्रण तक सीमित नहीं होगी बल्कि VVIP काफिलों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना भी होगी.
एयरपोर्ट यात्रियों को सलाह, मेट्रो करें इस्तेमाल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें. लोगों को जहां संभव हो वहां मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी.
होटलों से लेकर भारत मंडपम तक कड़ी निगरानी
विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले करीब 10 प्रमुख होटल और 12 महत्वपूर्ण स्थान विशेष सुरक्षा घेरे में रहेंगे. एयरपोर्ट से होटल और होटल से भारत मंडपम तक सभी VVIP रूट की लगातार निगरानी की जाएगी.
भारत मंडपम में सिर्फ अधिकृत डेलीगेट्स, स्टाफ और वैध पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा. सुरक्षा के लिए बायोमेट्रिक पास, CCTV कैमरे और अत्याधुनिक तकनीकी निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जाएगा.
ड्रोन पर नजर, बम निरोधक दस्ते अलर्ट
सम्मेलन से पहले पूरे इलाके में एंटी-सबोटाज जांच की जाएगी. किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना पर BDDS यानी बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड तुरंत कार्रवाई करेगा. ड्रोन और अन्य अनधिकृत उड़ने वाली वस्तुओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. VVIP काफिलों की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए GPS आधारित ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था को सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रखा गया है. हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और चंडीगढ़ की सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है. बॉर्डर चेकिंग और इंटेलिजेंस शेयरिंग को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई हो सके.
स्कूल बंद, दफ्तरों को सलाह
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 11 सितंबर को दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद स्कूल सोमवार को खुलेंगे. दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के अधीन कई कार्यालयों में भी अवकाश रहेगा. निजी कर्मचारियों को भी जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 3 दिन रहेगा पहियों पर ब्रेक! 35 सड़कें बंद, जानिए किन रास्तों से जाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं