Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस ने बवाना में गोलीबारी के बाद गोगी गैंग से जुड़े रवि भारद्वाज की हत्या के मामले में 2 मोस्ट वांटेड शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी बदमाश मुठभेड़ में घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. जानकारी के मुताबिक, रोहिणी इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई है. दोनों तरफ से करीब एक दर्जन गोलियां चलीं.
टिल्लू गैंग के शूटर कुणाल और उसके साथी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के दौरान शूटर कुणाल और उसके साथी विशाल को पैर पर गोली मारकर गिरफ्तार किया. शूटरों ने पिछले हफ्ते बवाना के हरेवली गांव में गैंगवारी के चलते गोगी गैंग से जुड़े रवि भारद्वाज के घर में घुसकर उसे मौत के घाट उतारा था. वहीं गोलीबारी में नाबालिक सहित तीन अन्य लोगों को भी गोलियां लगी थी, जिसमें सभी घायल हो गए थे.
मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू भी गिरफ्तार
इस गैंगवार मामले में दिल्ली पुलिस को एक और सफलता मिली है. दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन में टिल्लू ताजपुरिया गैंग के मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शूटर आकाश को बिहार के बेगूसराय जिले से धर दबोचा. बिट्टू दिल्ली के नांगल ठकरान का रहने वाला है और उसकी उम्र महज 20 साल है.
(एनडीटीवी के लिए प्रभाकर राणा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: रायपुर घूमने आया, भिलाई में सीखी ड्राइविंग, खूंखार नक्सली पापा राव के अर्बन कनेक्शन की पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं