विज्ञापन
This Article is From Dec 12, 2018

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर बीजेपी को हराने का लक्ष्य तय किया

लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी दिल्ली में 14 दिसंबर से जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर बीजेपी को हराने का लक्ष्य तय किया
आम आदमी पार्टी दिल्ली के लोकसभा प्रभारी (फाइल फोटो).
  • अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक में लिया गया फैसला
  • गोपाल राय ने कहा- बीजेपी को हराने के लिए दिल्ली की जनता आप का साथ देगी
  • कहा- जनता ने मोदी सरकार की तानाशाही पूर्ण नीतियों को नकार दिया
नई दिल्ली: अगले साल प्रस्तावित लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी आगामी 14 दिसंबर से दिल्ली में जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी. पांच राज्यों के चुनाव परिणाम की समीक्षा के लिए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी की दिल्ली इकाई की बैठक में यह फैसला किया गया.

बैठक के बाद दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने बताया कि चुनाव परिणाम से दो बातें स्पष्ट हो गई हैं. पहला, बीजेपी की हार का सिलसिला शुरू होने से स्पष्ट है कि जनता ने मोदी सरकार की तानाशाही पूर्ण नीतियों को नकार दिया है और दूसरा, जनता बीजेपी के मुकाबले जो भी मजबूत विकल्प मौजूद है उसे स्वीकार कर रही है. उन्होंने कहा ‘‘इसके मद्देनजर दिल्ली में आप ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए दिल्ली की सभी सात सीटों पर बीजेपी को हराने का लक्ष्य तय किया है.''

राय ने बताया कि बैठक में 14 दिसंबर से घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू करने का फैसला किया गया. इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों पर आप के अभियान केन्द्र बनाए जाएंगे. इन केन्द्रों से पार्टी के मंडल और वार्ड अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टोलियां घर-घर जाकर लोगों को संदेश देंगी कि ईवीएम में सभी तरह की तिकड़म के बावजूद अगर जनता खड़ी हो जाए तो बीजेपी को हराया जा सकता है.    

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आप के प्रदर्शन के सवाल पर राय ने कहा ‘‘पार्टी संगठन विस्तार के मकसद से इन चुनावों में उतरी थी और इस मकसद में हम कामयाब हुए.'' तीनों राज्यों में आप उम्मीदवारों की जमानत जब्त होने के बारे में उन्होंने कहा ‘‘चुनाव परिणाम से स्पष्ट है कि बीजेपी को हराना जनता का लक्ष्य है और जो हरा रहा है जनता उसके साथ पूरी ताकत से खड़ी है. इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए आप दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.''    

उन्होंने बताया कि आप लोकसभा चुनाव में दिल्ली के अलावा हरियाणा और पंजाब में अपने उम्मीदवार उतारेगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aam Aadmi Party (AAP)
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com