आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और वामपंथी दल बुधवार दोपहर 1 बजे दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय तक विरोध मार्च निकालेंगे. आम आदमी पार्टी और वामपंथी दल वोटर लिस्ट के SIR में कथित अनियमितताओं के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे सड़क प्रदर्शन में कांग्रेस का साथ देंगे. संयुक्त मार्च कश्मीरी गेट स्थित सीईओ कार्यालय की ओर बढ़ेगा.
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि AAP, कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता दोपहर एक बजे कश्मीरी गेट में जुटेंगे. उन्होंने आम आदमी पार्टी के सभी नेता, कार्यकर्ता और समर्थकों के ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की.
इससे पहले मंगलवार को, इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नई दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर विरोध मार्च निकाला, हालांकि, विपक्षी नेताओं को सुरक्षाकर्मियों ने बीच रास्ते में ही रोक दिया.
पुलिस ने विपक्ष को जाने से रोका
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़कर तिरंगा लहराया, जब सुरक्षाकर्मियों ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) मुख्यालय की ओर बढ़ने से रोका.
हालांकि, देर शाम को राहुल गांधी को उनकी बहन और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संसद के दोनों सदनों के लगभग 300 सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने से रोका गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद ज्ञानेश कुमार और उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ने से रोक दिया गया.
इसके बाद, गांधी परिवार सहित इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने आकाशवाणी भवन में धरना दिया, जहां से पुलिस ने उन्हें मंगलवार रात को हटा दिया और हिरासत में ले लिया.
ये वीडियो भी देखें- 8 घंटे बाद राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया
मंगलवार के प्रदर्शन से दूर रही AAP
आम आदमी पार्टी और डीएमके मंगलवार को इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन से दूर रहे.
पिछले हफ्ते, आम आदमी पार्टी और एसएफआई और एआईएसए सहित कई वामपंथी छात्र संगठनों ने जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया.
बीजेपी ने बताया नाटक
इस बीच, भाजपा ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर हमला किया है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे 'नाटक' करार दिया है.
उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से 'अपना नाटक बंद करने' और जनादेश प्राप्त करने के लिए निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा करने का आग्रह किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं