- दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी में जुटी एक युवती के साथ लखनऊ में गैंगरेप का मामला सामने आया है.
- युवती जौनपुर से दिल्ली लौट रही थी, तभी चारबाग स्टेशन पर एक परिचित युवक ने उसे ट्रेन से उतार लिया.
- आरोप है कि तीन दिनों तक परिचित युवक और उसके साथ ही अन्य दो युवकों ने युवती के साथ रेप किया.
दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी में जुटी एक युवती के साथ लखनऊ में गैंगरेप का मामला सामने आया है. युवती जौनपुर से दिल्ली लौट रही थी, तभी चारबाग स्टेशन पर एक परिचित युवक ने उसे ट्रेन से उतार लिया. आरोप है कि उसे लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में कमरे पर ले जाकर कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया गया और तीन दिनों तक परिचित युवक और उसके साथ ही अन्य दो युवकों ने रेप किया. बाद में आरोपियों ने युवती को दिल्ली भेज दिया. ट्रेन में युवती ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया.
पीड़िता दिल्ली के निजी कॉलेज से बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है. उसने पुलिस से की शिकायत में बताया कि कॉलेज में छुट्टी होने के बाद 1 मई को जौनपुर अपने घर गई थी. एग्जाम का एडमिट कार्ड आ गया था, जिसे लेने के लिए 15 मई को वापस दिल्ली जाने के लिए निकली थी. पिता जाफराबाद स्टेशन पर सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाकर चले गए.
ये भी पढ़ें: गाजा के मददगारों का आरोप- इजरायल की जेल में हमारा रेप हुआ, कई हॉस्पिटल में एडमिट
आरोपी दोस्त के साथ आया था मिलने
ट्रेन के चलने के बाद युवती ने जौनपुर जिले के जलालपुर के शिवम यादव को वॉट्सएप पर मैसेज किया. शिवम यादव को पिछले कुछ सालों से जानती है. शिवम यादव अपने एक दोस्त शनि यादव के साथ उससे मिलने के लिए चारबाग स्टेशन पर आया था, जहां मिलने के बाद दोनों ने उसे जिद कर ट्रेन से उतार लिया.
पीड़िता ने बताया कि शिवम ने कहा कि मैं तुम्हारे घर पर बात कर लूंगा, कोई दिक्कत नहीं होगी. इस पर युवती कुछ देर में मान गई और उनके साथ चली गई. इसके बाद शिवम, युवती को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अपने रूम पर ले गया. रूम पर शिवम साथ ही रुक गया और शनि खाने का सामान लेने चला गया. करीब आधे घंटे पर शनि वापस आया और खाना देकर निकल गया. दोनों ने खाना खाया और फिर शिवम ने कॉफी पीने के लिए दी. कॉफी पीने के बाद युवती को नींद आने लगी. इसके बाद शिवम ने मौके का फायदा उठाते हुए युवती के साथ गलत हरकत शुरू कर दी. युवती ने जब विरोध किया तो शिवम जबरदस्ती करने लगा. इसके बाद आरोपी ने जबरन उसके साथ कई बार संबंध बनाए.
कमरा बंद करके खाना लेने जाते थे आरोपी
अगले ही दिन 16 मई को शनि रूम पर पहुंचा और कुछ ही देर बाद शिवम वहां से चला गया. इस दौरान शनि जबरदस्ती करने लगा तो युवती ने विरोध किया. उसने भी युवती के साथ जबरन संबंध बनाए. शिवम और शनि की हरकत से युवती काफी डर गई थी.
आरोपी शिवम यादव इस दौरान लगातार युवती का शोषण करता रहा. खाना या कुछ सामान लेने जाता तो बाहर से दरवाजा बंद करके जाता था, जिससे लड़की कही भागकर न चली जाए. 17 मई को एक और लड़का रूम पर पहुंचा, जिसे युवती नहीं पहचानती थी. इसके बाद तीनों ने उस लड़की से बारी-बारी रेप किया. युवती तीनों आरोपियों की हरकत से काफी डर गई थी. इन तीनों आरोपी ने तीन दिन तक बंधक बनाकर युवती का शोषण करते रहे.
तीन दिनों बाद दिल्ली का टिकट कटाकर युवती को भेजा
तीन दिनों तक गैंगरेप के बाद शुभम ने सुशांत गोल्फ सिटी से चारबाग के लिए कैब बुक की और सुहेलदेव एक्सप्रेस से स्लीपर टिकट पर युवती को दिल्ली भेज दिया. इस दौरान डरी-सहमी युवती ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को इसकी सूचना दी. बेटी की बातें सुनकर पिता ने 139 रेलवे हेल्पलाइन पर मदद मांगी, जिसके बाद GRP टीम ने पहुंचकर युवती से बात की और पूरी घटना परिजनों को बताई. युवती को दिल्ली आनंद विहार थाने लेकर पहुंचे, जहां अगले दिन परिजन भी पहुंच गए. युवती के बयान पर आनंद विहार में केस दर्ज किया गया है.
पुलिस की पांच टीमें कर रही आरोपियों की तलाश
इस मामले में एडीसीपी साउथ ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि दिल्ली के आनंद विहार में 22 मई को एक मुकदमा दर्ज किया गया है. पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि लखनऊ के सुशांत गोल सिटी इलाके में परिचित सहित कुछ लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है. उन्होंने बताया कि यह मामला दिल्ली में मुकदमा दर्ज हुआ था और ट्रांसफर होकर लखनऊ आया है.
उन्होंने बताया कि पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग इलाकों में आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है. इस मामले में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता करीब 5 साल से एक दूसरे को जानते हैं और दोनों का परिवार रिश्तेदार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं