विज्ञापन
This Article is From Dec 08, 2017

अवैध शराब के धंधे की जानकारी देने वाली महिला को निर्वस्त्र करके पीटा, वीडियो बनाया

पीड़ित महिला ने दिल्ली एनसीआर के नरेला में अवैध शराब के गिरोह का भांडाफोड़ करने में दिल्ली महिला आयोग की मदद की थी

अवैध शराब के धंधे की जानकारी देने वाली महिला को निर्वस्त्र करके पीटा, वीडियो बनाया
प्रतीकात्मक फोटो.
  • महिला पर 25 से ज्यादा लोगों ने लोहे की छड़ों से हमला किया
  • सीएम केजरीवाल ने एलजी अनिल बैजल से कार्रवाई का आग्रह किया
  • दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने रोहिणी जिले के उपायुक्त को तलब किया
नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर के नरेला में अवैध शराब के गिरोह का भांडाफोड़ करने में दिल्ली महिला आयोग की मदद करने वाली महिला की इलाके की ही अन्य औरतों ने कथित रूप से पिटाई की और उसके कपड़े फाड़ दिए. ये महिलाएं अवैध शराब बेचने में शामिल बताई जाती हैं.

पुलिस ने आज यह जानकारी दी. घटना को ‘हैरान करने वाला और शर्मनाक’ करार देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज उप राज्यपाल अनिल बैजल से मामले में दखल देने और उन स्थानीय पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया जिन्होंने गिरोह चलाने वालों से कथित रूप से सांठगाठ की है. पुलिस ने घटना में शामिल महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.

यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र : वे महिला को निर्वस्त्र करके घुमाते रहे, उसकी पिटाई करते रहे और लोग देखते रहे

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात नरेला में निरीक्षण के दौरान आयोग को अवैध रूप से शराब बेचे जाने की जानकारी दी थी. इसके बाद उस पर 25 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने लोहे की छड़ों से गुरुवार को हमला किया. स्वाति ने बताया कि उसके कपड़ों को फाड़ दिया गया और इलाके में उसे निर्वस्त्र घुमाया गया और पूरी घटना को शूट कर लिया गया. वीडियो को इन अपराधियों द्वारा इलाके में साझा किया गया. स्वाति ने कहा कि घटना क्षेत्र में पूरी अराजकता और कानून के प्रति कोई डर नहीं होने को साबित करती है. यह हैरान करने वाला है कि पुलिस ने महिला की रक्षा के लिए कोई कार्रवाई नहीं की.

स्वाति ने अपने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें पीड़िता आरोप लगा रही है कि शराब माफिया के खिलाफ आवाज नहीं उठाने के लिए उसे धमकी दी गई है. पीड़िता ने वीडियो में सिसकियां भरते हुए कहा, ‘‘ मुझे खींचा गया और कपड़े फाड़ दिए गए. एक पुलिस कर्मी ने उन्हें ऐसा अमानवीय व्यवहार करने से रोकने की कोशिश की लेकिन उसे भी पीटा गया. उन्होंने यह भी कहा कि वे ऐसा ही स्वाति और अन्य महिलाओं के साथ करेंगे जो उनके कृत्य का विरोध करेंगे.’’

VIDEO : कपड़े उतरवाकर परेड कराई

स्वाति ने रोहिणी जिले के उपायुक्त को समन भेजकर महिला आयोग के समक्ष पेश होने, कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने और महिला पर हमले को लेकर दर्ज की गई प्राथमिकी का विवरण लाने को कहा. रोहिणी के पुलिस उपायुक्त रजनीश गुप्ता ने कहा कि महिला की पिटाई की गई है और उसके कपड़ों को थोड़ा फाड़ा गया है लेकिन निर्वस्त्र परेड कराने की बात से इनकार किया है.
(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Woman Beaten
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com