विज्ञापन
This Article is From Mar 30, 2018

गुजरात के भावनगर जिले में घोड़ा रखने पर दलित की कथित हत्या

उमराला तहसील के टिंबी गांव में इस घटना के बाद से तनाव व्याप्त, तीन संदिग्ध गिरफ्तार किए गए

गुजरात के भावनगर जिले में घोड़ा रखने पर दलित की कथित हत्या
प्रतीकात्मक फोटो.
  • 21 वर्षीय प्रदीप राठौर ने दो माह पहले घोड़ा खरीदा था
  • घोड़ा रखने पर प्रदीप को गांव वाले धमका रहे थे
  • सड़क के किनारे युवक और उसका घोड़ा मृत मिला
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
भावनगर: गुजरात के भावनगर जिले में कुछ ऊंची जाति के लोगों ने घोड़ा रखने और घुड़सवारी करने पर एक दलित की कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी.

क्षेत्र के निवासियों ने दावा किया कि उमराला तहसील के टिंबी गांव में इस घटना के बाद तनाव व्याप्त है. पुलिस ने कहा कि पास के गांव से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच के लिए भावनगर अपराध शाखा से मदद मांगी गई है.

बताया जाता है कि 21 वर्षीय प्रदीप राठौर ने दो माह पहले एक घोड़ा खरीदा था और तब से उसके गांव वाले उसे धमका रहे थे. उसकी गुरुवार को देर रात हत्या कर दी गई. प्रदीप के पिता कालुभाई राठौर ने कहा कि प्रदीप धमकी मिलने के बाद घोड़े को बेचना चाहता था, लेकिन उन्होंने उसे ऐसा न करने के लिए समझाया.

यह भी पढ़ें : गांधीनगर के पास दलित छात्र की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

कालुभाई ने पुलिस को बताया कि "प्रदीप गुरुवार को खेत यह कहकर गया था कि वह वापस आकर साथ में खाना खाएगा. जब वह देर तक नहीं आया, हमें चिंता हुई और उसे खोजने लगे. हमने उसे खेत की ओर जाने वाली सड़क के पास मृत पाया. कुछ ही दूरी पर घोड़ा भी मरा हुआ पाया गया."

VIDEO : गरबा देखने पर दलित का कत्ल

प्रदीप 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद खेती में अपने पिता की मदद करता था. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने स्थिति के संबंध में प्रथम दृष्टया रपट मिलने के बाद यहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को तैनात किया है. गांव की आबादी लगभग 3000 है और इसमें से दलितों की आबादी लगभग 10 प्रतिशत है. प्रदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भावनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन उसके परिजनों ने कहा है कि वे लोग वास्तविक दोषियों की गिरफ्तारी तक शव स्वीकार नहीं करेंगे.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com